दुनिया की सबसे महंगी कॉफ़ी ने किन खूबियों के साथ बनाया रिकॉर्ड

दुबई के रोस्टर्स स्पेशलिटी कॉफ़ी हाउस ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दुनिया की सबसे महंगी कॉफ़ी का कप परोसकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है।इस रिकॉर्ड-ब्रेकिंग कप को एक जापानी संग्रहकर्ता ने खरीदा।

दुनिया की सबसे महंगी कॉफ़ी ने किन खूबियों के साथ बनाया रिकॉर्ड

दुबई के स्थानीय ब्रांड रोस्टर्स स्पेशलिटी कॉफ़ी हाउस ने सबसे महंगी कॉफ़ी का कप परोसकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है, इस कैफे में एक कप की कीमत 2,500 दिरहम थी। भारतीय करेंसी में यह क़ीमत करीब 60 हज़ार रुपये होती है।

दुबई में परोसी गई इस कॉफ़ी की कीमत, अमरीकी मुद्रा में लगभग 680 डॉलर है। इसे महज़ एक कप कॉफ़ी नहीं, बल्कि एक संपूर्ण लग्ज़री का एहसास कहा जा सकता है। इसमें इस्तेमाल की गई कॉफ़ी दुनिया की सबसे दुर्लभ और उच्चतम गुणवत्ता वाली बताई जा रही है। इसमें पनामा के दुर्लभ जेशा कॉफ़ी बीन्स का इस्तेमाल किया गया, जिन्हें हाथ से तैयार किया गया।

इस कॉफ़ी की तैयारी में भी काफी एहतिमाम किया गया और बड़े ही अनोखे अंदाज़ में इसे तैयार किया गया। इसके लिए ताज़ी पिसी हुई कॉफ़ी का इस्तेमाल किया गया था। इसे सर्व करने के लिए एक आधुनिक तापमान-नियंत्रित केतली के साथ एक विशेष ड्रिपर का इस्तेमाल किया गया।

पेश किए जाने का अंदाज़ उस समय और भी निराला हो गया था, जब कॉफ़ी को जापान से आयातित एक डिज़ाइनर सर्विस टेबल पर रखा गया था, जिसने अनुभव को और भी दिलकश बना दिया।

काफी बनाने और पिलाने के इस रिकॉर्ड कीमत वाली पेशकश पर अब जानकार अपनी राय दे रहे हैं। जिससे यह बात सामने आई है कि यह न केवल एक रिकॉर्ड उच्च कीमत है, बल्कि यह भी संकेत है कि आज लोग कॉफी पीने के बजाय इसे पीने के अनुभव में निवेश करने को तैयार हैं।

इस रिकॉर्ड-ब्रेकिंग कप को एक जापानी संग्रहकर्ता ने खरीदा और इसे एक खास अनुभव का हिस्सा माना, जिसमें विशेष जे़शा-सुगंधित मिठास भी शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *