विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में सिमरन और निषाद कुमार ने भारत को दिलाए स्वर्ण पदक

नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चल रही विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में बीते दिन देश ने दो स्वर्ण पदक हासिल किए। भारत के लिए सिमरन और निषाद कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ये पदक जीते।

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में सिमरन और निषाद कुमार ने भारत को दिलाए स्वर्ण पदक

सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर टी-12 स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया वहीँ निषाद कुमार ने पुरुषों की ऊंची कूद टी-47 स्पर्धा में ये जीत दर्ज की । इन दो स्वर्ण पदक की बदौलत भारत ने पदक तालिका में 11वें से चौथे स्थान पर पहुंच बना ली है।

पदक तालिका में इस समय ब्राजील 12 स्वर्ण, 18 रजत और 7 कांस्य के साथ पहले स्थान पर है। चीन 9 स्वर्ण, 16 रजत और 13 कांस्य के साथ दूसरे जबकि पोलैंड 8 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत अब तक कुल 15 पदक जीत चुका है, जिसमें 6 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य शामिल हैं।

इससे पहले भारत की प्रीति पाल ने महिलाओं की 200 मीटर टी-36 स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ-46 स्पर्धा में प्रदीप कुमार ने एक और कांस्य पदक दिलाया। निषाद कुमार ने ऊंची कूद में शानदार प्रदर्शन करते हुए तुर्किये के अब्दुल्ला इल्गाज और अमरीका के तीन बार के चैंपियन रोडरिक टाउनसेंड को शिकस्त दी। साथ ही उन्होंने 2.18 मीटर की ऊंचाई के साथ नया विश्व रिकॉर्ड भी बनाया और एशियाई रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज किया।

इस दौरान सिमरन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाया। सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर टी-12 स्पर्धा में गाइड उमर सैफी के साथ अच्छे खेक का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले सेमीफाइनल में 12.08 सेकंड का समय निकाला और पहली बार फाइनल में 12 सेकंड की बाधा तोड़ते हुए 11.95 सेकंड में दौड़ पूरी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *