आज यानी 27 जनवरी के लिए अगर आपने बैंक काम निकाला है तो एक बार अपनी ब्रांच का जायज़ा ज़रूर लें। आज के दिन बैंक यूनियनों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है जिसकी वजह से देश के कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे।

वर्तमान प्रणाली के तहत बैंकों को सप्ताह में 6 दिन काम करना पड़ता है। इस बीच रविवार की छुट्टी के अलावा दूसरे और चौथे शनिवार को भी छुट्टी रहती है। जबकि इन बैंक कर्मचारियों की मांग है कि सप्ताह में 5 दिन काम और 2 दिन छुट्टी के मिलने चाहिए। बैंककर्मियों ने सोमवार से शुक्रवार रोज़ाना 40 मिनट ज्यादा काम करने पर सहमति जताई है। इस समय महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक में छुट्टी रहती है जबकि महीने के पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक खुले रहते हैं।
छुट्टी की मांग को लेकर आज बैंक यूनियनों ने हड़ताल की है। गौरतलब है कि आरबीआई ने बैंकों की किसी तरह की छुट्टी घोषित नहीं की है। इसके बावजूद 27 जनवरी को देश के कई हिस्सों में बैंक बंद होने की खबरे आ रही हैं।
आज होने वाली बैंक हड़ताल का आयोजन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने किया है। यह नौ बैंक यूनियनों का एक बड़ा ग्रुप है, जिसमें बैंक के अधिकारी और कर्मचारी, सभी शामिल हैं।सरकार की तरफ से इनकी मांग पर कोई आश्वासन न मिलने के कारण यह हड़ताल की गई है। बताते चलें कि बीते 23 जनवरी को मुख्य श्रम आयुक्त के साथ इस बारे में हुई बैठक भी बेनतीजा रही।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, 27 जनवरी को बैंक यूनियनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण SBI, PNB, Bank of Baroda, Bank of India, Canara Bank और Indian Bank जैसे प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक बंद रह सकते हैं। ऐसे में ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग (UPI, Net Banking) का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। हालाँकि एटीएम सेवाएं जारी रहने की उम्मीद है।
देश में बड़े प्राइवेट बैंकों में कामकाज पर ज्यादा असर पड़ने की आशंका कम है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इन बैंकों के कर्मचारी इस यूनियन का हिस्सा नहीं हैं। वे इस हड़ताल में शामिल नहीं हो रहे हैं। ऐसे में HDFC बैंक, ICICI बैंक और एक्सिस बैंक इस हड़ताल से प्रभावित नहीं होंगे।















