लखनऊ एयरपोर्ट पर अगस्त से नवंबर तक चलेगी साप्ताहिक बंदी

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्लाइट की समय सारणी में बदलाव किया जा रहा है। यह बदलाव आज से प्रभावी हो सकता है। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। हवाई अड्डे ने 20 अगस्त से 5 नवंबर तक नियमित रखरखाव के लिए एक ‘नोटम’ (NOTAM) यानी नोटिस टू एयरमैन जारी किया है।

लखनऊ एयरपोर्ट पर अगस्त से नवंबर तक चलेगी साप्ताहिक बंदी

इस नोटम के तहत, प्रत्येक बुधवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रनवे उड़ानों के लिए बंद रहेगा। यदि आप इन तारीखों में यात्रा कर रहे हैं, तो अपनी उड़ान का शेड्यूल पहले ही जांच लें। यह साढ़े तीन घंटे की साप्ताहिक बंदी अगस्त से नवंबर तक चलेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ एयरपोर्ट रनवे की मरम्मत और इसके पैरेलल टैक्सी-वे बनाने का काम शुक्रवार को पूरा करा लिया गया। इसके बाद अभी 10 फ्लाइट्स के समय में बदलाव किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 8:20 बजे दिल्ली से लखनऊ आने वाली एआई-2499 अब दोपहर 1:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरेगी। वापसी में फ्लाइट एआई-2500 सुबह 9:00 बजे की जगह दोपहर 2:05 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। एयरपोर्ट से शाम, रात और सुबह जाने वाली फ्लाइट्स के समय में बदलाव किया गया है। इनमें इंडिगो, एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस की उड़ानें शामिल हैं।

गौरतलब है कि पहली मार्च से लखनऊ एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत का काम चल रहा था। पहले यह काम सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक किया जा रहा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डीजीसीए ने काम की अवधि को घटाकर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कर दिया था, ताकि यात्रियों को कम परेशानी हो।

वैसे तो एयरपोर्ट का यह काम 15 जुलाई तक पूरा होना था, मगर उसे बढ़ाकर 15 अगस्त तक कर दिया गया। 16 जुलाई से 15 अगस्त तक रनवे प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बंद रखा जा रहा है।

बताते चलें कि सप्ताह में एक दिन रनवे को बंद करके देखभाल करना एक पुरानी व्यवस्था है। यह नोटम समय-समय पर जारी किया जाता है और डीजीसीए से इसे मंजूरी मिल चुकी है। देश के अन्य एयरपोर्ट पर भी सप्ताह में एक दिन डेढ़ से दो घंटे के लिए रनवे बंद रखे जाते हैं।

काम पूरा होने के बाद रात के अलावा कोहरे में भी लैंडिंग में सुविधा हो सकेगी। हालांकि, रनवे लंबाई न बढ़ाए जाने से बड़े विमान और कार्गो अभी भी नहीं उतर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *