‘ब्रिक्स 2026’ का आयोजन भारत कर रहा है। बीते दिन इस आयोजन की वेबसाइट, थीम और लोगो लॉन्च किए गए। इस अवसर पर विदेश मंत्री एस जयशंकर और ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सभी का स्वागत करते हुए ‘ब्रिक्स’ की भारत की अध्यक्षता के साथ लोगो, थीम और वेबसाइट का औपचारिक अनावरण की जानकारी दी। इस अवसर पर मकर संक्रांति की मुबारकबाद देते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह ये त्योहार आशा और सद्भावना का संदेश देते हैं, उसी तरह भारत की ‘ब्रिक्स’ अध्यक्षता भी बड़े वैश्विक कल्याण के लिए संगठन में शामिल देशों की क्षमता को एक साथ लाने का प्रयास करेगी।
विदेश मंत्री ने ‘ब्रिक्स 2026’ के मुद्दों पर बात करते हुए कहा कि स्टार्टअप्स, एमएसएमई और नई टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में बढ़ा हुआ सहयोग एक ज्यादा न्यायसंगत दुनिया बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने बताया कि हमारी अध्यक्षता का विषय है ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’। यह इस विश्वास को दर्शाता है कि ‘ब्रिक्स’ सदस्यों के बीच सहयोग साझा चुनौतियों का संतुलित और समावेशी तरीके से समाधान करने में मदद कर सकता है।
एस जयशंकर ने बताया कि भारत की अध्यक्षता के समय ‘ब्रिक्स’ अपनी स्थापना के बीस साल पूरे करेगा। यह उभरते बाजारों और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में लगातार विकसित हुआ है।
विदेश मंत्री ने आगे कहा कि ब्रिक्स’ एक महत्वपूर्ण मंच है जो राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और विकास के विभिन्न चरणों को ध्यान में रखते हुए संवाद और सहयोग तथा व्यावहारिक प्रतिक्रियाओं को प्रोत्साहित करता है। चुनौतियों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं, जटिल आर्थिक परिदृश्य, जलवायु संबंधी जोखिम, तकनीकी बदलाव और लगातार विकास में अंतर दुनिया भर के देशों को प्रभावित कर रहे हैं।
भारत की अध्यक्षता की चार प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि इनमें लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ‘ब्रिक्स’ के तीन मूलभूत स्तंभ, राजनीतिक और सुरक्षा, आर्थिक और वित्तीय, और सांस्कृतिक और लोगों के बीच आदान-प्रदान में एक सुसंगत और संतुलित ढांचा प्रदान करेंगी।
‘ब्रिक्स’ के ‘लोगो’ के बारे में विदेश मंत्री ने कहा कि यह यह ‘लोगो’ इस विचार को व्यक्त करता है कि ‘ब्रिक्स’ अपने सदस्यों के सामूहिक योगदान से ताकत हासिल करता है, साथ ही उनकी पहचान का सम्मान भी करता है। आगे उन्होंने कहा कि इसमें परंपरा और आधुनिकता के तत्वों को जोड़ने के साथ सभी सदस्य देशों के रंग शामिल हैं, जो विविधता में एकता और साझा उद्देश्य की मजबूत भावना का प्रतिनिधित्व करते हैं।
‘ब्रिक्स’ इंडिया वेबसाइट के हवाले से उन्होंने बताया कि भारत की अध्यक्षता के दौरान एक साझा मंच के रूप में काम करेगी। यह बैठकों, पहलों और परिणामों के बारे में जानकारी देने और अधिक पारदर्शिता व जुड़ाव को सुविधाजनक बनाएगी। यह पूरे साल समय पर जानकारी के प्रसार में भी मदद करेगी।












