मौसम के चलते उत्तर भारत की रेल सेवा और हवाई यात्रा प्रभावित

उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड के साथ लगातार घने कोहरे का प्रभाव है। इससे हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। इस बीच एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। वहीं रेल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। घने कोहरे के कारण कई ट्रेनें तय समय से देर से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम के चलते उत्तर भारत की रेल सेवा और हवाई यात्रा प्रभावित

जारी की गई इस ट्रैवल एडवाइजरी में बताया गया है कि कोहरे के कारण कई हवाई अड्डों पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे उड़ानों की आवाजाही सामान्य से धीमी हो गई है। इसके चलते कुछ उड़ानों में देरी हो रही है।

इस बीच यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए रेलवे की ओर से कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं। ट्रेनों को लेकर उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे ट्रेनों की स्थिति पर रियल-टाइम नजर रखें और यात्रियों से जुड़ी दिक्कतों, खासकर खानपान से संबंधित समस्याओं का तुरंत समाधान करें। इसके अलावा दिल्ली, लखनऊ, मुरादाबाद, वाराणसी और प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधकों को भी ट्रेनों की लगातार निगरानी करने और जरूरी व्यवस्थाएं पुख्ता करने के आदेश दिए गए हैं।

इंडिगो ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि मौजूदा मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए उड़ानों के प्रस्थान और आगमन को क्रमबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है, ताकि संचालन व्यवस्थित और सुरक्षित बना रहे। इंडिगो की टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और कोहरे की स्थिति के अनुसार संचालन का प्रबंधन किया जा रहा है।

मौसम को देखते हुए इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए एयरलाइन ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। साथ ही, कोहरे की वजह से सड़कों पर दृश्यता कम होने और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है।

एयरलाइन ने यात्रियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि हवाई अड्डों पर उनकी टीमें पूरी तरह तैयार हैं और यात्रा के दौरान हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए मौजूद हैं, ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

रेल यात्रियों को बेहतर सेवा देने के लिए आईआरसीटीसी में एक विशेष वॉर रूम भी सक्रिय किया जा रहा है। इस वॉर रूम से ट्रेनों की लगातार निगरानी की जाएगी और खानपान से जुड़ी किसी भी समस्या का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। क्योंकि यात्री ट्रेनों के लेट होने से परेशान है, वहीं केटरिंग सेवा में भी लापरवाही से भी लोग परेशान है।

भारतीय मौसम विभाग कि उत्तर प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 31 दिसंबर तक घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा, जो पहली जनवरी तक जारी रह सकता है। ठंडी हवाओं के कारण गलन बढ़ गई है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है। दृश्यता कई इलाकों में बेहद कम हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *