त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, 2 मार्च को आएंगे नतीजे

वर्ष 2023 में सबसे पहले चुनाव त्रिपुरा में हो रहे हैं। यहाँ 259 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमे 20 महिलायें हैं। यहाँ मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ है और ये शाम 4 बजे चलेगा। त्रिपुरा चुनाव के परिणाम 2 मार्च को आएंगे।

त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, 2 मार्च को आएंगे नतीजे

त्रिपुरा राज्य में कुल 28.13 लाख मतदाता है, जिनके लिए 3337 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है। यहाँ 1100 केंद्रों को संवेदनशील जबकि 28 को अति संवेदनशील के अनुसार वर्गीकृत किया गया है। विशेष बात ये है कि त्रिपुरा में करीब 97 मतदान केंद्रों का प्रबंधन महिला चुनाव कर्मी कर रही हैं।

वर्ष 2018 में भाजपा ने 36 सीटें जीतकर इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा यानी आईपीएफटी के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। इस चुनाव में मुकाबला बीजेपी-आईपीएफटी गठबंधन और सीपीआई (एम), कांग्रेस और तिपरा मोथा के मध्य है। सत्ता बरक़रार रखने के लिए भाजपा इस बार इंडीजेनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ इंडिया (आईपीएफटी) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। दूसरी ओर वर्षों से कट्टर प्रतिद्वंद्वी रहे कांग्रेस और सीपीआईएम ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को शिकस्त देने के मकसद से चुनाव पूर्व गठबंधन किया है।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय और अंतर-राज्यीय सीमाओं को सील कर दिया गया है, ताकि राज्य के बाहर से कोई असामाजिक तत्व मतदान प्रक्रिया में बाधा न उत्पन्न कर सकें। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 31,000 मतदानकर्मी तथा केंद्रीय बलों के 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किये गए हैं। साथ ही सुचारु कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस के 31,000 कर्मचारियों को तैनात किये जाने की जानकारी भी मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *