बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण भी पूरा हो गया। मंगलवार को दूसरे और अंतिम चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर रिकॉर्डतोड़ वोटिंग देखी गई। इस मतदान को अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत कहा जा रहा है।

बिहार में शाम 5 बजे तक 67.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में 1302 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। दूसरे चरण में जिन 122 सीटों पर मतदान हुआ, उनमें एनडीए की ओर से 122 उम्मीदवार और महागठबंधन के 127 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
मतदान के लिए 45399 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें 5326 शहरी क्षेत्र में जबकि 40073 ग्रामीण क्षेत्र में स्थित हैं।सबसे अधिक मतदान किशनगंज में 76.26 प्रतिशत रहा। इस चुनाव को राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के नेतृत्व पर जनमत संग्रह के रूप में देखा जा रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।आयोग केअनुसार, बिहार के 122 विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक 67.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह छह नवंबर के पहले चरण के मतदान के 65.09 प्रतिशत से लगभग दो फीसदी अधिक रहा। इसे लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह दिखा।
आयोग के अनुसार, शाम पांच बजे तक पश्चिमी चंपारण में 69.02 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 69.31, शिवहर में 67.31 प्रतिशत, सीतामढ़ी में 65.29 प्रतिशत, मधुबनी में 61.79 प्रतिशत, सुपौल में 70.69 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदाता वोटिंग शुरू होने के पहले से ही कई पोलिंग बूथ पर पहुंच गए थे। अधिकतर केंद्रों में मतदाताओं की लंबी कतार देखी गई। महिला मतदाताओं ने भी इस चरण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान को लेकर पोलिंग बूथों पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। इस चरण में करीब चार लाख सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।
इसके अलावा अररिया में 67.79 प्रतिशत, किशनगंज में 76.26 प्रतिशत, पूर्णिया में 73.79 प्रतिशत, कटिहार में 75.23 प्रतिशत और भागलपुर में 66.03 फीसदी, बांका में 68.91 फीसदी, कैमूर में 67.22 फीसदी, रोहतास में 60.69 फीसदी, अरवल में 63.06 फीसदी, जहानाबाद में 64.36 फीसदी, औरंगाबाद में 64.48 फीसदी, गया में 67.50 फीसदी, नवादा में 57.11 फीसदी और जमुई में 67.81 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। दूसरे चरण में 122 सीटों के 3.7 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने
इस चुनाव में महागठबंधन की ओर से आरजेडी के 71 उम्मीदवार, कांग्रेस के 37, भाकपा माले के 6, भाकपा के 4, वीआईपी के 8 और माकपा के एक उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में एनडीए की ओर से बीजेेपी के 53 प्रत्याशी, जेडीयू के 44, लोजपा (रामविलास) के 15, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के छह और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
याद दिला दें कि इससे पहले छह नवंबर को पहले चरण में प्रदेश की कुल 243 विधानसभा सीटों में से 121 सीटों पर मतदान हुआ था। दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोटिंग हुई। अब 14 नवंबर को वोटों की गिनती के साथ नतीजे सामने आएंगे।













