व्लादिमीर पुतिन ने पांचवीं बार राष्ट्रपति पद की शपथ ली

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अगले 6 साल के राष्ट्रपति कार्यकाल के लिए पांचवीं बार शपथ ली। राष्ट्रपति पुतिन ने मार्च में रूस में राष्ट्रपति चुनाव जीता था।

व्लादिमीर पुतिन ने पांचवीं बार राष्ट्रपति पद की शपथ ली

कार्यक्रम में मौजूद मंत्रियों और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि हम एकजुट और बेहतरीन लोग हैं, हम सभी बाधाओं को मिलकर दूर करेंगे। आगे रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि हम अपनी सभी योजनाएं पूरी करेंगे और मिलकर जीत हासिल करेंगे।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए रूस में 15 से 17 मार्च के बीच मतदान हुए थे। चुनाव के नतीजे 18 मार्च को सामने आए थे, जिसमें पुतिन ने 87 प्रतिशत वोट हासिल कर पांचवी बार सत्ता हासिल की है।

रूस के राष्ट्रपति अपनी 52 शब्दों वाली शपथ में रूसी संघ के राष्ट्रपति के रूप में अपने कर्तव्यों के पालन के साथ प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और स्वतंत्रता का सम्मान और सुरक्षा करने की शपथ लेता है। इसी शपथ में रूस के संविधान का पालन, उसकी रक्षा, राज्य की संप्रभुता और स्वतंत्रता, सुरक्षा और अखंडता की रक्षा करना और लोगों की ईमानदारी से सेवा करना जैसे मुद्दे भी शामिल होते हैं।

विदेशी मीडिया के मुताबिक, व्लादिमीर पुतिन ने साल 2000 में पहली बार राष्ट्रपति का पद संभाला था। जिसके बाद 4 मार्च 2004 को वो दूसरे कार्यकाल के लिए रूस के राष्ट्रपति चुने गये थे। पुतिन ने साल 2012 में तीसरी बार और फिर 2018 में चौथी बार राष्ट्रपति का पद संभाला। एक बार फिर वह अगले छह वर्षों के लिए पांचवी बार रूस की कमान संभालने की शपथ ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *