भारतीय कुश्ती महासंघ पर विनेश फोगाट ने लगाया बड़ा आरोप

महिला पहलवान और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह उन्हें ओलंपिक खेलने से रोकना चाहते हैं। उन्होंने अपने खिलाफ डोपिंग की साजिश रचे जाने की भी बात कही है।

भारतीय कुश्ती महासंघ पर विनेश फोगाट ने लगाया बड़ा आरोप

विनेश फोगाट अगले सप्ताह किर्गिस्तान के बिश्केक में होने वाले एशियाई क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में 50 किलो वर्ग में ओलंपिक कोटा हासिल करना चाहती है । इससे पूर्व पटियाला में चयन ट्रायल में विनेश ने 53 किलो वर्ग में भी हिस्सा लिया था मगर सेमीफाइनल में उन्हें निराश होना पड़ा।

विनेश ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक लंबी पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है- ‘‘बृजभूषण और उसके द्वारा बिठाया गया डमी संजय सिंह हर तरीके से प्रयास कर रहे हैं कि कैसे मुझे ओलंपिक में खेलने से रोका जा सके।”

पोस्ट में आगे विनेश लिखती हैं- “जो टीम के साथ कोच लगाये गए हैं, वे सभी बृजभूषण और उसकी टीम के चहेते हैं तो इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि वो मेरे मैच के दौरान मेरे पानी में कुछ मिला कर पिला दें ।’’

अपने मानसिक उत्पीड़न का हवाला देते हुए विनेश इस बात का डर भी ज़ाहिर कर रही है कि उन्हें डोप में फंसाया जा सकता है।

खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ का हवाला देते हुए विनेश का कहना है कि 19 अप्रैल से एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर शुरू हो रहा है। विनेश के मुताबिक़ वह लगातार एक महीने से भारत सरकार से कोच और फिजियो की मान्यता के लिये अनुरोध कर रही हैं। मान्यता पत्र के बिना कोच और फिजियोथेरेपिस्ट प्रतिस्पर्धा परिसर में उनके साथ नहीं जा सकते है। उनका कहना है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद ठोस जवाब नहीं मिल रहा है। न ही कोई भी मदद को तैयार है।

 

29 वर्षीय विनेश देश की गिनती उन तीन शीर्ष पहलवानों में है जिन्होंने डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोप लगाकर प्रदर्शन की अगुवाई की थी। विनेश 2019 और 2022 विश्व चैम्पियनशिप में 53 किलो में कांस्य जबकि 2018 एशियाई खेलों में 50 किलो में स्वर्ण पदक जीत चुकी है।

गौरतलब है कि उनकी शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण के खिलाफ मामला दर्ज किया था मगर जुलाई में स्थानीय अदालत से उन्हें जमानत मिल गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *