न्यूयॉर्क शहर के नव-निर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी मिलकर आईसीई का सामना करने की बात करके सुर्ख़ियों में हैं। ममदानी का यह बयान इस शहर के 30 लाख प्रवासियों की सुरक्षा का संकल्प लेता है।

जोहरान ममदानी ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में वह प्रवासियों से अमरीकी इमिग्रेशन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन यानी आईसीई के एजेंट से बात करने या उनकी बात मानने से इनकार करने के अधिकार की बात करते नज़र आ रहे हैं।
गौरतलब है कि ममदानी का यह बयान न्यूयॉर्क के चाइनाटाउन के पास कैनाल स्ट्रीट पर आईसीई द्वारा लोगों को हिरासत में लेने के प्रयास किए जाने एक सप्ताह बाद आया है। इस स्थान पर आईसीई द्वारा लोगों को हिरासत में लेने पर प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताया था।
अपने सन्देश में ममदानी ने शहर के 30 लाख प्रवासियों की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए कहा, ‘‘यदि आप अपने अधिकारों को जानते हैं तो हम सब मिलकर आईसीई का सामना कर सकते हैं।’’
जोहरान ममदानी अपने बयान में यह भी याद दिलाते हैं, ‘‘आईसीई को आपसे झूठ बोलने की कानूनी इजाज़त है लेकिन आपको चुप रहने का अधिकार है।” साथ ही मैदानी न्यूयार्क के हमेशा प्रवासियों का स्वागत करने और उनके अधिकारों की रक्षा करने का आश्वासन भी देते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वीडियो संघीय एजेंट द्वारा मैनहट्टन में की गई छापेमारी के कुछ ही दिनों बाद साझा किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोग संघीय एजेंट के बात नहीं करने का विकल्प चुन सकते हैं, उनके वीडियो बना सकते हैं और अगर एजेंट के पास न्यायाधीश द्वारा हस्ताक्षरित न्यायिक वारंट नहीं है तो निजी स्थान में प्रवेश के उनके अनुरोध को अस्वीकार कर सकते हैं।
बताते चलें कि अमरीकी प्रशासन ने अपने वीजा नियम को और ज्यादा सख्त बना दिया है और अब फैक्ट-चेकिंग, कंटेंट मॉडरेशन, कंप्लायंस और ऑनलाइन सेफ्टी जैसे काम वाले लोगों को वीजा नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में अमरीका ने अपने सभी दूतावास अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।













