पुरी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का मोदी से आग्रह

भुवनेश्वर 01 जनवरी ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पुरी में भगवान जगन्नाथ के नाम पर ‘श्री जगन्नाथ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा’ बनाये जाने का शुक्रवार को आग्रह किया।

श्री पटनायक ने प्रधानमंत्री को इस संबंध में लिखे पत्र में कहा कि राज्य सरकार ने हवाई अड्डे के लिए जमीन देख ली है। राज्य सरकार रिकॉर्ड समय में पुरी में हवाई अड्डा बनाये जाने के लिए जरूरी सभी कार्यों में पूरी मदद तथा समर्थन देगी।

उन्होंने श्री मोदी से आग्रह किया कि वह नागरिक उड्डयन मंत्रालय से इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरु करने के लिए कहें।

उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म भगवान जगन्नाथ का यह पवित्र शहर चार धामों में से एक है। पूरी दुनिया के हिंदू, पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर जाते हैं। यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल, कोणार्क का सूर्य मंदिर पुरी से सिर्फ 35 किलोमीटर दूर है।राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटक आस-पास के रामचंडी-चंद्रभागा बीच का अद्वितीय अनुभव प्राप्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि पुरी एक तरफ चिल्का झील (भारत की पहली रामसर साइट और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल) और दूसरी तरफ भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान से जुड़ी हुई है। दोनों स्थानों में अंतरराष्ट्रीय ईको-टूरिज्म के लिए बहुत अधिक संभावनाएं हैं। पुरी बीच हाल ही में ब्लू फ्लैग बीच में तब्दील हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरी से लगे धौली, रत्नागिरि जैसे ऐतिहासिक बौद्ध धरोहर दुनिया भर से बौद्ध तीर्थयात्रियों को आकर्षित करते हैं। श्री पटनायक ने कहा “हम मानते हैं कि पुरी में आध्यात्मिक, आर्थिक एवं पर्यटन का हब बनने की क्षमता है। पुरी की प्रसिद्ध वार्षिक रथ यात्रा दुनिया भर के लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। रथ यात्रा 192 देशों में भी मनाई जाती है। प्रस्तावित हवाई अड्डा जगन्नाथ भक्तों को दुनिया भर से पुरी लाने में मदद करेगा। साथ ही , इससे दुनिया भर में जगन्नाथ संस्कृति को बढ़ावा में भी मदद मिलेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *