देश का आम बजट 2026 पेश होने का समय आ गया है। इस बात का जानकारी केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी है। मोदी 3.0 सरकार का यह दूसरा पूर्ण बजट होगा।

किरेन रिजिजू ने बताया कि बजट सत्र 2026 की शुरुआत बुधवार 28 जनवरी से होगी, जो 2 अप्रैल तक चलेगा। यह जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस बार सरकार को नौवां आम बजट पेश करेंगी। हालाँकि रविवार को सदन की कार्यवाही स्थगित रहती है, लेकिन सरकार इस बार आम बजट 2026 रविवार पहली फरवरी को पेश करने जा रही है। बताते चलें कि 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और अगले दिन शनिवार को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार 2 अप्रैल को ही बजट सत्र 2026 की समाप्ति कर रही है।
किरेन रिजिजू ने पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों को 2026 के बजट सत्र को बुलाने की मंजूरी दे दी है। जानकारी के मुताबिक़, बजट सत्र 2 चरणों में होगा। पहला फेज 28 जनवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक होगा। दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा।
राष्ट्रपति का अभिभाषण 28 जनवरी को होगा। गुरुवार 29 जनवरी 2026 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण (Economic Survey) प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद शनिवार को दोनों सदनों की कार्यवाही निरस्त रहेगी.
गौरतलब है कि संसद का बजट सत्र 2026 आम तौर पर दो हिस्सों में बंटा होता है। इस ब्रेक में स्टैंडिंग कमेटियां अलग-अलग मंत्रालयों की अनुदान की मांगों की जांच कर सकती हैं।
पहली फरवरी को देश का आम बजट पेश किया जाएगा। संसद की कार्यवाही राष्ट्रपति के अभिभाषण और आम बजट 2026 पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद 13 फरवरी को स्थगित कर दी जाएगी।
दोनों सदनों की कार्यवाही इसके बाद दोबारा 9 मार्च को शुरू होगी, जो 2 अप्रैल तक चलेगी। संसद के शीतकालीन सत्र 2025 की तरह, बजट सत्र 2026 में भी कई कानून पेश किए जाने या उन पर चर्चा होने की संभावना है।















