मध्य प्रदेश का खजुराहो हवाई अड्डा इस समय एक बड़ी उपलब्धि की बदौलत चर्चा में है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने खजुराहो एयरपोर्ट को देशभर में पहला स्थान प्रदान किया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की यह रैंकिंग देशभर के हवाई अड्डों पर यात्रियों से प्राप्त प्रतिक्रिया के आधार पर तैयार की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के 2026 के राष्ट्रीय ग्राहक संतुष्टि सूचकांक सर्वेक्षण में छतरपुर जिले के खजुराहो एयरपोर्ट ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इतना ही नहीं, राज्य की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज हवाई अड्डा तीसरे स्थान पर रहा। सर्वेक्षण में कहा गया कि इन सभी पैमानों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खजुराहो हवाई अड्डे ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि राजा भोज हवाई अड्डा तीसरे स्थान पर रहा।
बताते चलें कि इससे पहले भी खजुराहो हवाई अड्डा यह उपलब्धि हासिल कर चुका है। इस एयरपोर्ट को दिसंबर 2025 में भी इसी सूची में पहले स्थान मिला था। खजुराहो और भोपाल एयरपोर्ट का इस इंडेक्स में टॉप पर पर पहुंचना मध्य प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। गौरतलब है कि एयरपोर्ट ने यह उपलब्धि यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा और सेवा की क्वालिटी के आधार पर हासिल की है।
मीडिया से बात करते हुए खजुराहो एयरपोर्ट के निदेशक संतोष सिंह ने अपने बयान में कहा कि यह उपलब्धि पर्यटन के लिहाज से बेहद अहम है। निदेशक ने मीडिया से यह भी बताया कि यह उपलब्धि में पूरी टीम की मेहनत, यात्रियों के विश्वास और उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने की निरंतर प्रतिबद्धता का नतीजा है। आगे उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट प्रबंधन का लक्ष्य भविष्य में भी यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और सेवा की गुणवत्ता में लगातार सुधार करना है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की इस रैंकिंग के लिए देशभर के हवाई अड्डों पर यात्रियों से प्रतिक्रिया ली जाती है और इसके आधार पर सूची बनती है। सर्वेक्षण में पंजीकरण (चेक-इन) प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, टर्मिनल की स्वच्छता, कर्मचारियों का व्यवहार, प्रतीक्षा अवधि, खानपान, सूचना व्यवस्था तथा समग्र यात्री अनुभव जैसे अनेक महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर हवाई अड्डों का मूल्यांकन किया गया।