लंबे समय से प्रतीक्षित ‘रामायण पार्ट 1’ का पहला ट्रेलर आज ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज कर दिया गया है। मेंकर्स ने इसे आज यानी 30 जुलाई को सुबह 4:15 बजे, ब्रह्म मुहूर्त के शुभ अवसर पर दुनिया भर में लॉन्च किया।
पहले पार्ट के इस लॉन्च के साथ काफी समय से प्रतीक्षा कर रहे दर्शकों को राम के रूप में रणबीर कपूर सहित बाक़ी कलाकारों के किरदारों की झलक भी मिल गई। नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के पहले पार्ट के ट्रेलर को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाओं में एक साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज किया गया है।
चार मिनट नौ सेकंड के इस ट्रेलर में लंका और रावण के पुष्पक विमान के अलावा उसके तेजी से उदय की झलक दिखाई गई है। ट्रेलर की शुरुआत में रावण के सिर ढके हुए एक दरवाजे के सीन से होती है। इससे गुज़रते हुए संवाद है, “तुम्हारा नया राजा।” अचानक ही तेज एक्शन विजुअल सीन में रावण घोषणा करता है, “देव लोक, पृथ्वी लोक, पाताल लोक, तीनों में एक ही राजा होगा।”
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। बताते चलें कि फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर ट्रेलर रिलीज की जानकारी दी थी कि हिंदू परंपरा में सुबह 4 से 5 बजे के बीच का समय ब्रह्म मुहूर्त माना जाता है, जिसे किसी भी नए और शुभ कार्य की शुरुआत के लिए सर्वोत्तम माना जाता है। इसी मान्यता को ध्यान में रखते हुए मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज का समय चुना।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। साउथ सुपरस्टार यश इस फिल्म में रावण के रोल में नज़र आएँगे। सनी देओल हनुमान की भूमिका में जबकि रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में शामिल हैं। ऑस्कर विनर्स एआर रहमान और हैंस जिमर की म्यूजिक से इस फिल्म के संगीत को खूब चर्चा मिली है।