सूबे की राजधानी लखनऊ में आज दो दिवसीय पुलिस अधिकारी कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। ऐसे में अगर आपने शहर में किसी काम से निकलना है तो एक बार ट्रैफिक का जायज़ा जरूर ले लें।

आज यानी शनिवार 27 दिसंबर को तिलक मार्ग पर आयोजित होने वाले पुलिस अधिकारी के दो दिवसीय वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। शाम 6:00 बजे से शुरू की जाने वाली यह व्यवस्था कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। ऐसे में यदि आप आज शाम इस इलाके से गुजरने का इरादा बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले रुट डायवर्जन की जानकारी जरूर कर लें।
जियामऊ और दैनिक जागरण चौराहे के आसपास का इलाका शाम 6 बजे से सामान्य यातायात के लिए बंद रहेगा। असुविधा से बचने के लिए पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे डायवर्जन मार्ग का ही उपयोग करें।
बताते चलें कि गोमती नगर स्थित सिग्नेचर बिल्डिंग पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों का दो दिवसीय सम्मेलन होना है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिरकत करेंगे।
इस कार्यक्रम के मद्दे नज़र जियामऊ मोड़ से कार्यक्रम स्थल, डालीबाग तिराहा, मस्जिद तिराहा और दैनिक जागरण चौराहा की तरफ सामान्य वाहन नहीं जा सकेंगे।
इसके अलावा दैनिक जागरण चौराहा, मस्जिद चौराहा और डालीबाग चौराहा से डीजीपी आवास (कार्यक्रम स्थल) और जियामऊ मोड़ की तरफ ट्रैफिक प्रतिबंधित किया जाएगा।
वैकल्पिक मार्ग
जियामऊ की तरफ जाने वाले वाहन 1090 चौराहा, पीएनटी (बालू अड्डा) चौराहा, डालीबाग तिराहा या गोल्फ क्लब/बंदरियाबाग चौराहा होकर निकल सकेंगे।
दैनिक जागरण की ओर से आने वाले वाहन पीएनटी चौराहा, 1090 चौराहा या सिकंदरबाग चौराहा होकर अपने गंतव्य को जा पाएंगे।
इमरजेंसी होने पर- मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक़, डायवर्जन के बावजूद एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर सर्विस और शव वाहन जैसे आपातकालीन वाहनों को नहीं रोका जाएगा। वैकल्पिक मार्ग न होने की स्थिति में इन्हें प्रतिबंधित रास्तों से भी सुरक्षित निकाला जाएगा।
किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
