आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। आज ही के दिन असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयदशमी यानी दशहरा भी मनाया जा रहा है। जहाँ एक तरफ देश ही नहीं दुनिया महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रही है, वहीँ दशहरा को लेकर भी हर तरफ लोगों में खासा उत्साह है।

आज यानी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती है जबकि आज ही के दिन पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर अहिंसा, सत्य और राष्ट्रभक्ति के संदेश गूंज रहे हैं।
दिल्ली के राजघाट और विजय घाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय मंत्रियों, विपक्षी नेताओं और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने इन दोनों नेताओं को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। आज शाम दिल्ली के यमुनापार इलाके में प्रधानमंत्री मोदी आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड पर आयोजित रामलीला में भाग लेंगे। यहाँ वे रावण के पुतले का दहन करेंगे।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने सन्देश में लिखा कि गांधी जी का जीवन मानव इतिहास को बदलने वाला था। उन्होंने साहस और सादगी से बड़े बदलाव लाने का मार्ग दिखाया। गांधी जी सेवा और करुणा की शक्ति में विश्वास रखते थे और लोगों को सशक्त बनाने के लिए इसे जरूरी मानते थे। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में हम गांधी जी के बताए रास्ते पर चलते रहेंगे।
हर साल 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर सत्य, अहिंसा और सामाजिक न्याय के प्रति महात्मा गाँधी की जयंती पर उन्हें उनके समर्पण के लिए याद किया जाता है। आज का दिन न केवल भारत में बल्कि विश्व स्तर पर भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस मनाया जाता है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शास्त्री जी एक महान नेता थे, जिनकी ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प ने भारत को मजबूत बनाया। कठिन समय में भी उन्होंने नेतृत्व, शक्ति और निर्णायक कार्यवाही का परिचय दिया। उनका नारा “जय जवान जय किसान” आज भी देशवासियों में देशभक्ति की भावना जगाता है। आगे प्रधानमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी आज भी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हमें प्रेरित करते हैं।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि सत्य, अहिंसा और सौहार्द के सिद्धांतों से भारत को एकजुट करने वाले बापू के आदर्श हमें नफरत के सामने शांति, भाईचारे, सच्चाई और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। विपक्षी नेताओं ने गांधी के विचारों का जिक्र करते हुए सत्य, अहिंसा, सौहार्द और मानवता के सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गांधी-शास्त्री जयंती और दशहरा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सत्य एकमुखी होता है और असत्य दशमुखी। आज सत्य की जीत का दिन है और उन महापुरुषों की जंयती का भी जिन्होंने सत्य और सादगी को ही जीवन माना। आज बस सत्य का ही उत्सव है। समस्त विश्व को दशहरा और गांधी-शास्त्री जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं।
देशवासियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि गांधी जी का सपना था एक ऐसा देश जहां हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले। हर जरूरतमंद को अच्छा इलाज मिले, जहां सभी धर्म और जाति के लोग भाईचारे से एक साथ रहें। आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर हम उन्हें श्रद्धा से याद कर रहे हैं और उनकी प्रेरणा से उनके सपनों का भारत बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।
इसके अलावा भी देश भर में आज के दिन लोग उत्सव मना रहे हैं और एक दूसरे को बधाई सन्देश भेज रहे हैं।















