अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खाड़ी में चल रहे टकराव को पूरी तरह ख़त्म करने को लेकर ईरान से बातचीत का बयान दिया है। उनके मुताबिक़, ‘पूरी तरह समाधान’ के मुद्दे पर ‘सकारात्मक बातचीत’ हुई है। जबकि ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बातचीत वाले बयान को नकार दिया है।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया अपने बयान में ट्रंप ने यह भी कहा कि वह ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा ढांचे पर किसी भी तरह के हमलों को पांच दिन के लिए टालेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने इससे पहले ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अमरीका और ईरान के मध्य पिछले दो दिनों में मध्य पूर्व में टकराव के पूरी तरह समाधान को लेकर बहुत अच्छी और सकारात्मक बातचीत हुई है।”
आगे उन्होंने इस रचनात्मक बातचीत के रुख़ और माहौल को देखते हुए, इसे पूरे सप्ताह जारी रखने की बात कही और कहा, ‘मैंने वॉर डिपार्टमेंट को निर्देश दिया है कि ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा ढांचे पर सभी सैन्य हमलों को पांच दिन के लिए टाल दिया जाए। यह फ़ैसला बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर करेगा।’
दूसरी ओर, अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहसेन रेज़ाई का कहना है कि जब तक ईरान के नुकसान की भरपाई नहीं हो जाती, तब तक जंग नहीं रुकेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स का यह भी कहना है कि यूएस सेंटकॉम ने ऐलान किया है कि वह हमले जारी रखेगा। रिपोर्ट के मुताबिक़, सेंटकॉम का कहना है कि 28 फरवरी से ईरान में 9 हज़ार टारगेट पर हमला किया गया है। ईरान पर हुए हमलों में 140 जहाज तबाह हो गए, और तय टारगेट पर बड़ी कुशलता से निशाना लगाया जा रहा है।
दूसरी तरफ खामेनेई के सलाहकार मोहसेन रेज़ाई ने कहा कि इस बार, आंख के बदले सिर होगा, और अमरीका को यह इलाका छोड़ना होगा। उनका कहना है कि वह ग्लोबल गारंटी मांगेंगे कि सभी बैन हटा दिए जाएंगे और आगे कोई हमला नहीं होगा।