इस्लामिक सहयोग संगठन ने एक स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना की मांग की है

इस्लामिक सहयोग संगठन यानी ओआईसी ने एक स्वतंत्र फ़िलिस्तीनी राज्य की स्थापना का आह्वान किया है।

इस्लामिक सहयोग संगठन ने एक स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना की मांग की है

गाजा युद्ध पर इस्लामिक सहयोग संगठन की कार्यकारी समिति की एक असाधारण बैठक सऊदी अरब के जद्दा में आयोजित की गई। बैठक की घोषणा के मुताबिक इस्लामिक सहयोग संगठन ने कहा कि गाजा पट्टी की घेराबंदी तुरंत खत्म की जानी चाहिए।

बीते बारह दिनों से इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष जारी है। इस युद्ध में अब तक करीब पांच हजार लोगों की जान जा चुकी है। अभी तक युद्धविराम की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।

इस दौरान गाजा में युद्धविराम की मांग को लेकर प्रगतिशील यहूदी-अमरीकी कार्यकर्ताओं ने वॉशिंगटन में यूएस कैपिटल अमरीकी संसद भवन के अंदर पहुंचकर धरना दिया। इन कारकर्ताओं ने अमरीकी संसद में गाजा में युद्धविराम का आह्वान करने की मांग की।

ओआईसी ने कहा कि गाजा में अस्पताल पर इजरायली बमबारी एक युद्ध अपराध है जिसकी वह निंदा करता है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को युद्ध अपराधों के लिए इजरायल को न्याय के कठघरे में लाना चाहिए।

ओआईसी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से गाजा पट्टी को तुरंत सहायता बहाल करने की अपील की। संगठन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संयुक्त राष्ट्र की फिलिस्तीनी शरणार्थी एजेंसी के साथ सहयोग करना चाहिए।

बयान के मुताबिक, बैठक में इजराइल से फिलिस्तीनियों के खिलाफ आक्रामकता रोकने की भी मांग की गई। इस्लामिक सहयोग संगठन ने गाजा पट्टी से फिलिस्तीनियों की वापसी की इजरायली मांग को खारिज कर दिया।

ओआईसी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मध्य पूर्व में शांति प्रयास तेज करने चाहिए।

इस बीच फिलिस्तिनियों के अधिकार के लिए लड़ने वाली कनाडाई मानवाधिकार कार्यकर्ता विवियन सिल्वर के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। गौरतलब है कि विवियन सिल्वर बीते शनिवार से लापता हैं।

विवियन सिल्वर इजरायल के सबसे बड़े मानवाधिकार संगठन, बी’सेलेम की सदस्य हैं। विवियन इजरायल और गाजा के मध्य सीमा पर किबुत्ज बेरी में रहती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *