उत्तर प्रदेश में इन दिनों तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। भीषण गर्मी और लू ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। साथ ही विभाग ने 26 अप्रैल के बाद कुछ राहत के संकेत भी दिए हैं।
प्रदेश में अब दिन के अस्त रात का तापमान भी सख्त गर्मी का एहसास दिला रहा है। वैसे तो बुंदेलखंड और पूर्वांचल की गर्मी चरम पर है मगर राजधानी सहित पूरा प्रदेश ही झुलसती गर्मी की चपेट में है।
रिपोर्ट के मुताबिक़, बीते दिन राजधानी लखनऊ इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे रात में भी गर्मी का असर बरक़रार रहा।
मौसम विभाग की ओर से 24 से 26 अप्रैल तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लखनऊ सहित बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली के कई जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीँ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी दिन के साथ रात में भी गर्मी का असर देखा जा सकता है।
समूचे उत्तर भारत में लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। यहां गर्मी का प्रकोप चरम पर है। बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी अपने चरम पर है। बांदा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, झांसी समेत कई जिलों में तेज गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना रहा।
मौसम विभाग ने प्रदेश में हीटवेव की चेतावनी दी है ऐसे में सभी से गैर ज़रूरी बाहर निकलने से बचाव की अपील की गई है। खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए यह मौसम अधिक खतरनाक हो सकता है।
गर्मी की शिद्दत को देखते हुए मौसम विभाग ने सलाह दी है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें। हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें और बाहर जाते समय सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढकें। शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें।
मौसम विभाग का कहना है कि 26 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के आसार हैं। भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर के संकेत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आंधी और बारिश की उम्मीद है। कई जिलों में 28 अप्रैल तक गरज-चमक, धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिल सकती है।