पुतिन और मोदी की मुलाक़ात ने और मज़बूत किये भारत-रूस के रिश्ते

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच सोमवार को भारत-रूस शिखर बैठक हुई। इस बैठक में दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और बढ़ाने के लक्ष्य के साथ कई मुद्दों पर बात हुई।

पुतिन और मोदी की मुलाक़ात ने और मज़बूत किये भारत-रूस के रिश्ते

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी बात शुरूकरते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के बावजूद भारत और रूस के बीच संबंधों की गति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक संबंध मजबूत हो रहे हैं तथा दोनों पक्ष अफगानिस्तान में स्थिति और अन्य मुद्दों पर संपर्क में बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दशकों में विश्व ने कई मूलभूत परिवर्तन और विभिन्न प्रकार के भू-राजनीतिक बदलाव देखे हैं लेकिन इन सबके बावजूद भारत एवं रूस की मित्रता पहले जैसी बनी रही है।

इस बातचीत में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा “मुझे भारत का दौरा करके बहुत खुशी हो रही है। पिछले साल दोनों देशों के बीच ट्रेड में 17% की गिरावट हुई थी परन्तु इस साल पहले 9 महीनों में ट्रेड में 38% की बढ़ोतरी देखी गई है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आर्थिक क्षेत्र में भी हमारे रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए हम एक दीर्घकालिक दृष्टि अपना रहे हैं। हमने 2025 तक 30 बिलियन डॉलर ट्रेड और 50 बिलियन डॉलर के निवेश का लक्ष्य रखा है। आज हमारे बीच हुए विभिन्न समझौतों से इसमें मदद मिलेगी। मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत कोर डेवलपमेंट और को प्रोडक्शन से हमारा रक्षा सहयोग और मज़बूत हो रहा है।”

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आगे कहा – ”हम सहयोगी हैं और बहुत महत्वपूर्ण चीजों पर साथ काम कर रहे हैं जिसमें ऊर्जा क्षेत्र, अंतरिक्ष सहित उच्च तकनीक शामिल हैं। आज हमने यहां जिन प्रोग्राम पर बात की है उन्हें पूरी तरह से लागू किया जाएगा जिसमें भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों की ट्रेनिंग शामिल है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *