बरेली होकर गुजरने वाली गोमती नगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का मंगलवार से नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। शाहजहांपुर स्टेशन पर भी इस ट्रेन का ठहराव होगा। गोमतीनगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन मंगलवार यानी नौ दिसंबर से शुरू हो जाएगा। यह बरेली से गुजरने वाली तीसरी सेमी हाईस्पीड लग्जरी ट्रेन है जो शाहजहांपुर में भी ठहरेगी।

शेड्यूल की बात करें तो यह गाड़ी सोमवार के अलावा सप्ताह में छह दिन गोमतीनगर से जबकि मंगलवार के अलावा सप्ताह में छह दिन सहारनपुर से सेवा देगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, 26504 गोमतीनगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस नौ दिसंबर को गोमतीनगर से अपराह्न 3:10 बजे चलने के बाद 3:28 बजे डालीगंज, 4:33 बजे सीतापुर, शाम 6:08 बजे शाहजहांपुर, 7:05 बजे बरेली पहुंचेगी। यह गाडी रात 8:35 बजे मुरादाबाद, 9:54 बजे नजीबाबाद, 10:42 बजे रुड़की और 11:50 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।
10 दिसंबर से वंदे भारत एक्सप्रेस 26503 सहारनपुर-गोमतीनगर सुबह 5:05 बजे सहारनपुर से चलकर सुबह 5:40 बजे रुड़की, 6:25 बजे नजीबाबाद, 08:00 बजे मुरादाबाद, 9:40 बजे बरेली आएगी। इसके बाद 11:07 बजे शाहजहांपुर, 12:28 बजे सीतापुर, दोपहर 1:34 बजे डालीगंज और 2:05 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी।
बताते चलें कि आठ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन किया था, लेकिन इसका नियमित संचालन शुरू नहीं हो सका था। पिछले दिनों रेलवे ने नई समय सारिणी और नियमित संचालन की तारीख घोषित कर दी।
सीटें और किराया
26504 गोमतीनगर सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस चेयरकार का किराया 1,460 रुपये, एग्जीक्यूटिव श्रेणी का 2,685 रुपये है। 26503 सहारनपुर-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस की एग्जीक्यूटिव श्रेणी का किराया 2,750 और चेयरकार का 1,530 रुपये है। चेयरकार का कैटरिंग चार्ज 307 जबकि एग्जीक्यूटिव श्रेणी में 433 रुपये है जो किराये में शामिल है।
नौ व 10 दिसंबर को देहरादून स्टेशन पर ब्लॉक के चलते 22545-46 देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस को हरिद्वार-देहरादून के बीच निरस्त किया गया है। यह गाड़ी देहरादून के बजाय हरिद्वार से चलाई जाएगी और हरिद्वार स्टेशन पर ही यात्रा पूरी करेगी।















