लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने होली के त्यौहार से पहले बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मिलावट और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों पर कड़ा एक्शन लिया है। इस दौरान एक स्टोरेज वेयरहाउस पर छापेमारी में एक कुंतल से अधिक एक्सपायर्ड मिठाई बरामद की गईं। बरामद सामग्री को टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बरामद सामान फैजुल्लागंज स्थित हल्दीराम के यहां पाई गईं। छापेमारी के दौरान अधिकारियों नेअसॉर्टेड पेड़ा, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, पेठा और गुजिया के नमूने भी जांच के लिए सील किए हैं।
गैऊरतलब है कि पूरे शहर में चलाए गए अभियान में कुल 10,415 किलो मसाले और खोया भी सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 55.91 लाख रुपये आंकी गई है।
बताते चलें कि इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ऐशबाग स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज से 8,499 किलो काली मिर्च और 378 किलो खोया जब्त किया था। सभी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने लैब जांच के लिए भेजे गए हैं।
महानगर इलाके के ग्लोब कैफे से बरामद 112 किलो खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसकी लागत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है। यहाँ से पनीर और गुजिया के सैंपल भी लिये गए है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों और शादियों के सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिल सकें।
