गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 का आयोजन 12 से 20 सितंबर तक किया जाएगा। इस पुस्तक मेले में साहित्य के साथ विज्ञान, कला और संस्कृति से जुड़े किताबी ससार को भी स्थान दिया गया है। इस आयोजन में 121 प्रकाशक करीब 250 स्टॉल के माध्यम से 9 दिनों तक इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस पुस्तक मेले का औपचारिक उद्घाटन आज यानी 12 सितंबर को सुबह 10:45 बजे करेंगे। इस अवसर पर भारतीय वायुसेना के अधिकारी और अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी महोत्सव में शामिल होंगे। वह 15 सितंबर को विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। इस संवाद का विषय ‘धरती से अंतरिक्ष तक : सपनों की उड़ान’ विषय होगा।
इस महोत्सव का आयोजन नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार और लखनऊ विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जा रहा है। यह प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। मेले में आगंतुकों के लिए प्रवेश निशुल्क होगा इसके अलावा एनबीटी पुस्तकों पर 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट का लाभ भी उठाया जा सकता है।
भारत सरकार सहित एनबीटी यानी राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, शिक्षा मंत्रालय और माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले महोत्सव की थीम ‘साहित्य और संवाद’ है। जिले के सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों की सहभागिता के संबंध में डीआईओएस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पुस्तक मेले में संस्कृति से जुड़े अन्य आकर्षण पर का भी ध्यान रखा गया है, जिसमें कहानी, कविता, चित्रकला, विज्ञान, सुलेख और हस्तकला जैसी गतिविधियां भी होंगी। यहाँ एनबीटी चिल्ड्रन्स कॉर्नर में कक्षावार समय-सारणी तैयार की गई है। कठपुतलियों का रंगमंच, वैदिक मैथ्स की कक्षाएं, कहानी की दुनिया और क्रिएटिव राइटिंग सत्र बच्चों को किताबों से जोड़ेंगे।
मेले में वरिष्ठ साहित्यकार पार्थसारथी सेन शर्मा 13 सितंबर को पुस्तक लोकार्पण के साथ संवाद करेंगे। अगले दिन यानी 14 को ‘अस्मिता से आत्मनिर्भरता तक’ विषय पर चर्चा होगी। बनारस और साहित्य पर संवाद तथा आधुनिक बाल कहानियों का लोकार्पण 15 सितंबर को होगा। उसके अगले दिन विशेष कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।