…और फिर ब्रिटिश शहर बर्मिंघम का आसमान और सड़कें गुलाबी रंग में नहा गईं। इस दृश्य ने लोगों को हैरान कर दिया। दरअसल यह सपने जैसा सुन्दर नज़ारा सेंट एंड्रयूज स्टेडियम के आसपास देखा गया, जहाँ एफए कप मैच के दौरान स्टेडियम की तेज़ फ्लडलाइट्स बर्फ़बारी पर पड़ीं और इस रोशनी ने रिफ्लेक्ट होकर पूरे इलाके को हल्के गुलाबी रंग में बदल दिया। इस तरह से फ़ुटबॉल, मौसम और रोशनी के मेल ने एक आम मैच की रात को बर्मिंघम के लिए एक यादगार पल बना दिया।

यह घटना 8 जनवरी 2026 की है। इस शाम ब्रिटेन के बर्मिंघम और वेस्ट मिडलैंड्स के लोग अपने घरों की खिड़की से बाहर का दृश्य देखते रह गए। ज़मीन ही नहीं इस समय आसमान भी अचानक गुलाबी रंग से भर गया था। लोग हैरान थे और कुछ ने इसे ऑरोरा बोरेलिस यानी नॉर्दर्न लाइट्स समझ लिया।
हालाँकि इस रौशनी से जुड़ा सच बिल्कुल अलग था। दरअसल यह नजारा ब्रिटेन में आई स्टॉर्म गोरेटी के कारण हुआ था। हुआ बीएस इतना था कि भारी बर्फबारी और तूफानी हवाओं के बीच स्थानीय फुटबॉल क्लब की गुलाबी रोशनी बर्फ पर पड़कर आसमान को इस रंग में रंग गई।
यह दृश्य इतना मनमोहक था कि सोशल मीडिया पर इसकी फ़ोटो और वीडियो तेज़ी से वायरल हो गए। यूज़र्स ने इस नज़ारे को “जादुई” और “फ़िल्मी सीन” बताया। हालाँकि शुरू में तो कई लोग इस अजीब रोशनी का कारण समझ नहीं पाए।
इस रंग से सराबोर मंज़र पर एक्सपर्ट्स ने अपनी राय ज़ाहिर करते हुए कहा कि बर्फ़ आम सतहों की तुलना में ज़्यादा तेज़ी से रोशनी रिफ्लेक्ट करती है और जब यह रंगीन या गर्म रोशनी के साथ मिलती है, तो आसमान का रंग पूरी तरह बदल जाता है।
