ईरान में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा फिर तीन डिजिट में पहुंचा

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के लगभग दो हज़ार से अधिक नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़ कर 1 लाख 89 हज़ार 876 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सादात लारी ने सोमवार को एक पत्रकार सम्मेलन में देश में कोरोना के ताज़ा आंकड़े पेश करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में 2 हज़ार 449 नए मामले सामने आए जिनमें से 842 को अस्पतालों में भर्ती किया गया जबकि अन्य को मामूली उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

उन्होंने बताया कि अब देश में कोरोना के मरीज़ों की कुल संख्या बढ़ कर 1,89,876 हो गई है और पिछले 24 घंटों में 113 लोग कोविड-19 के कारण चल बसे। इस प्रकार अब देश में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या 8,950 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता ने बताया कि अब तक देश में कोरोना के लगभग 1 लाख 89 हज़ार से अधिक मरीज़ों में से 1 लाख 50 हज़ार 590 का सफल इलाज किया जा चुका है और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे कर घर भेज दिया गया है।

इस बीच दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की कुल संख्या 80 लाख 17 हज़ार से अधिक हो गई है जिनमें से कम से कम 4 लाख 36 हज़ार से अधिक लोग जान की बाज़ी हार चुके हैं। पूरी दुनिया में लगभग 41 लाख 40 हज़ार लोगों को कोरोना वायरस से बचाया भी गया है। अमरीका में सबसे ज़्यादा 21 लाख 62 हज़ार लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं और 1 लाख 17,858 लोग इस बीमारी के कारण मर चुके हैं। अमरीका के बाद ब्राज़ील, रूस, भारत, ब्रिटेन और स्पेन में कोरोना के सबसे ज़्यादा मरीज़ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *