देश का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन लखनऊ में बनेगा

लखनऊ में दिसंबर से मेट्रो स्टेशनों के निर्माण का काम शुरू होने की उम्मीद है। मेट्रो निर्माण के इस दूसरे चरण में लखनऊ के पांडेयगंज का नाम एक नए रिकॉर्ड से जुड़ने जा रहा है। जगह की कमी के चलते इस स्टेशन के लिए आने-जाने वाली मेट्रो समानांतर के बजाय ऊपर-नीचे चलेंगी। इसमें सबसे नीचे मेट्रो चलेगी। उसके ऊपर का तल खाली रहेगा। फिर उसके ऊपर मेट्रो चलाई जाएगी। देश में ऐसा कहीं नहीं है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, लखनऊ का पांडेयगंज स्टेशन 122 फीट की गहराई पर बनाया जाएगा। इसकी लागत करीब 400 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जगह की कमी के कारण इस पांच मंजिला भूमिगत स्टेशन पर मेट्रो ट्रैक ऊपर-नीचे बनाए जाने की योजना है।

अभी तक प्राप्त मेट्रो निर्माण से जुड़ी जानकारी के अनुसार, चारबाग से बसंतकुंज तक 12 किलोमीटर लंबे रूट पर 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसका निर्माण दिसंबर से शुरू होने की उम्मीद है।

अब जबकि दूसरे चरण की तैयारियां तेज़ हो चुकी हैं और यह भी तय हो गया है कि चारबाग से बसंतकुंज के बीच मेट्रो रूट पर बनने वाले भूमिगत स्टेशन पांडेयगंज ही देश में सबसे गहराई वाला स्टेशन है। इस पांच मंजिला स्टेशन पर व्यवस्था इस प्रकार होगी कि एक मेट्रो दूसरी के ऊपर दौड़ेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पांडेयगंज स्टेशन पश्चिम बंगाल में हुगली नदी के नीचे बने मेट्रो स्टेशन से भी गहरा होगा। बताते चलें कि हुगली के मेट्रो स्टेशन की गहराई 33 मीटर है जबकि पांडेयगंज का मेट्रो स्टेशन 37 मीटर यानी 122 फीट गहरा होगा।

गौरतलब है कि मेट्रो के इस रूट के निर्माण पर कुल 5801 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसमें से 2900 करोड़ रुपये राज्य और केंद्र सरकार ने दिए हैं। बाकी रकम ऋण पर ली जाएगी। मेट्रो प्रशासन स्टेशनों व डिपो के निर्माण से जुड़े कई अहम टेंडर कर चुका है।

मेट्रो स्टेशनों के निर्माण का काम इस वर्ष दिसंबर से शुरू होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस समय चारबाग-बसंतकुंज मेट्रो रूट पर अभी मूसाबाग में मिट्टी का परीक्षण चल रहा है। यह अगले दो महीने और चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *