एशियाई खेलों में देश को मिला पहला स्वर्ण पदक

हांगज़ू एशियाई खेलों में देश को पहला स्वर्ण पदक मिल गया है। भारत ने पुरुष 10 मीटर एयर राइफल में गोल्‍ड मेडल जीता। भारत ने इस दौरान चीन के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। भारत ने अबतक कुल 6 मैडल जीत लिए हैं। जिसमें 1 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।

चीन में चल रहे एशियाई खेलों में भारतीय टीम के रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल, दिव्‍यांश सिंह पंवार और एश्‍वरी प्रताप सिंह तोमर के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पहला गोल्ड मिला। इस बीच भारत ने चीन के वर्ल्‍ड रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

भारत के लिए सोमवार की शुरुआत यादगार बन गई। इन तीनों खिलाड़ियों ने व्‍यक्तिगत क्‍वालीफिकेशन राउंड में 1893.7 का स्‍कोर बनाते हुए वर्ल्‍ड रिकॉर्ड कायम किया।

अभी तक यह रिकॉर्ड चीन के नाम दर्ज था। इस साल की शुरुआत में बाकू में होने वाले वर्ल्‍ड चैंपियनशिप में 1893.3 के स्‍कोर के साथ बना ये पिछला रिकॉर्ड आज टूट गया।

भारतीय शूटर्स ने पहली सीरीज में ही अपना वर्चस्व बना लिया था। रुद्रांक्ष और दिव्‍यांश ने 104.8 अंक बनाए, जबकि एश्‍वरी का स्कोर 104.1 पहुंचा। अगली सीरीज के बाद भारतीय निशानेबाजों ने अपने शॉट्स और बेहतर किये। छठी सीरीज तक भारतीय टीम 1893.7 का स्‍कोर बनाने के साथ न सिर्फ गोल्डमेडल की हक़दार बनी, बल्कि वर्ल्‍ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

एशियन गेम्‍स 2023 में भारत ने अपना पहला गोल्‍ड मेडल जीता है। बताते चलें कि भारत ने पहले दिन पांच मेडल जीते थे, जिसमें तीन सिल्‍वर और दो ब्रॉन्‍ज मेडल शामिल थे। एक गोल्ड मिलने के बाद अब कुल मैडल की संख्या 6 हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *