भाजपा-माकपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प के चलते अगरतला में तनाव

अगरतला 21 दिसंबर : त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के पश्चिमी इलाके खैरपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सवादी) के कार्यकार्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई।

इसमें तीन मीडियाकर्मी समेत 30 लोग घायल हो गए हैं तथा दस घरों और कई मोटरसाइकिलों को नुकसान हुआ हैं। इसके बाद से इलाके में तनाव बढ़ गया है।

पुलिस के मुताबिक़ दोनों पक्षों के बीच रविवार मध्य रात्रि तक झड़पें होती रही लेकिन अतिरिक्ति जवानों की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। इस संबंध में पुलिस ने फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया है लेकिन मामला दर्ज कर हिंसा की घटना की जांच शुरू कर दी है। भाजपा और माकपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प के बाद सोमवार को पुलिस बलों की तैनाती के बावजूद शहर में केवल कुछ ही दुकानें खुली और क्षेत्र में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

माकपा नेता पवित्र कार ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस समय उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया जब वे पुलिस की मौजूदगी में 30 मृत किसानों की याद में अपने घर में बैठक आयोजित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हथियारों से लैस शरारती तत्व दिन-दिहाड़े घर में घुस गए और बैठक में मौजूद लोगों को पिटाना शुरू कर दिया, जिसमे कई लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि जब माकपा के कार्यकर्ताओ ने भाजपा कार्यकर्ताओं के हमले के जवाब दिया तो वे वहां से फरार हो गए।

इस बीच भाजपा प्रवक्ता नवेंदु भट्टाचार्य ने माकपा नेताओं के उन आरोपों काे सिरे से खारिज करते हुए कहा कि विपक्षी माकपा के नेताओं और कार्यकर्ता ने हिंसक गतिविधियां की जिसमें उनकी पार्टी के आठ कार्यकर्ता घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *