सरकार ने ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर लगाया प्रतिबंध

नयी दिल्ली 21 दिसंबर : भारत सरकार ने ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों पर 23 दिसंबर से 31 दिसंबर तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।

कोविड-19 के नये स्ट्रेन के ब्रिटेन में सामने आने के बाद यहाँ एक उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि 31 दिसंबर की रात 11 बजकर 59 मिनट तक ब्रिटेन से या ब्रिटेन होकर आने वाली सभी उड़ानों पर प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध 22 दिसंबर की रात 12 बजकर 01 मिनट से प्रभावी होगा।

ब्रिटेन से उड़ान भर चुकी उड़ानें या देश से रवाना हो चुके जिन भारतीय विमानों को ब्रिटेन से या वहाँ के रास्ते वापस आना है उनके लिए 22 दिसंबर की रात 11 बजकर 59 मिनट तक देश में उतरने की अनुमति होगी।

इन विमानों में आने वाले सभी यात्रियों और क्रू की अनिवार्य रूप से हवाई अड्डे पर ही आरटी-पीसीआर जाँच की जायेगी। मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया, “सावधानी बरतते हुये 22 दिसंबर की रात 11 बजकर 59 मिनट तक ब्रिटेन से या ब्रिटेन होकर भारत पहुँचने वाली उड़ानों के सभी यात्रियों का अनिवार्य रूप से आरटी-पीसीआर टेस्ट किया जायेगा।”

उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में कोविड-19 का नया स्ट्रेन सामने आया है जिसका संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यह पुराने स्ट्रेन से कहीं ज्यादा घातक और संक्रामक बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *