गर्मियों का मौसम जिस्म से पसीने के जरिए काफी अधिक मात्रा में पानी निकाल लेता है। शरीर में पानी की कमी खून की रफ़्तार पर असर डालती है, जो कि धीमी पड़ने लगती है। ऐसे में ब्लड प्रेशर नीचे गिर सकता है। इसलिए ज़रूरी है कि गर्मी के मौसम में दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें। खासकर बाहर निकलते समय हमेशा पानी साथ रखें ताकि शरीर पानी की कमी से बचाते हुए कमजोरी से भी बचा जा सके।
दरअसल जिस्म से निकलने वाले पसीने के साथ सोडियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी मिनरल्स भी बाहर निकल जाते हैं। ऐसे में नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और ओआरएस जैसे लिक्विड शरीर को तुरंत राहत देते हैं। वहीँ तरबूज, खीरा और मट्ठा, छाछ या दही जैसी चीजें भी शरीर में ऊर्जा बनाए रखने में मददगार होती हैं।
गर्मी में इस बात का भी रखें ध्यान
गर्मी के मौसम में भारी खाने से भी समस्या बढ़ सकती है। साथ ही एक बार में ज्यादा खाना खाने से पाचन में अधिक खून लग जाता है, जिससे लो बीपी वालों को सुस्ती और चक्कर की समस्या हो सकती है। इसलिए बेहतर होगा कि दिनभर में थोड़ा-थोड़ा और संतुलित भोजन करें। लंबे समय तक खाली पेट रहने से भी कमजोरी बढ़ सकती है।
गर्म पानी से नहाना नुकसान पहुंचा सकता है
नहाते समय गर्म पानी शरीर की नसों को और ज्यादा फैलाता है, जिससे ब्लड प्रेशर तेजी से गिर सकता है। खासकर धूप से आने के तुरंत बाद गर्म पानी से नहाने से समस्या बढ़ सकती है। इस लिए गर्मी में ठंडे या हल्के गुनगुने पानी से नहाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
ज्यादा चाय-कॉफी और शराब भी नुकसान पहुंचती है
बहुत ज़्यादा कैफीन और शराब शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं। इससे भी ब्लड प्रेशर कम होने की समस्या गंभीर हो सकती है। गर्मियों में ज्यादा चाय-कॉफी के बजाय फलों का जूस, हर्बल टी या फ्लेवर्ड पानी जैसे विकल्प चुनना सेहत के लिए अच्छा होता है।
अचानक खड़े होने से बचें
जिन लोगों को लो बीपी की समस्या है उन्हें चाहिए कि अचानक उठने से बचें। जिन्हें चक्कर आने की शिकायत होती है, उनके साथ गर्मी में यह समस्या और बढ़ जाती है।
इस बात का हइशा ध्यान रखें कि गर्म मौसम में शरीर को सिर्फ ठंडक ही नहीं, सही हाइड्रेशन और संतुलन की भी जरूरत होती है। ऐसे में थोड़ी जागरूकता के साथ कुछ आदतें अपनाई जाएं तो कई समस्याओं को काफी हद तक काबू करना आसान होता है।