शॉर्ट फिल्म ‘रजा’ को न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल में नॉमिनेशन मिला है। मशहूर फिल्ममेकर सुरेश त्रिवेणी की यह फिल्म 2025 में आई थी। शॉर्ट फिल्म रजा ने कई इंटरनेशनल फेस्टिवल्स में अपनी जगह बनाई है और कई अवॉर्ड्स भी जीते हैं। इस नॉमिनेशन के साथ अब इस फिल्म ने न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल में अपनी जगह बनाने का प्रयास किया है।
फिल्ममेकर सुरेश त्रिवेणी की शॉर्ट फिल्म रजा को पूजा तोलानी ने डायरेक्ट किया है। राधिका साहनी और त्रिवेणी द्वारा प्रोड्यूस इस फिल्म में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ के वेटिंग रूम के तनाव भरे माहौल का नज़ारा है। यहाँ एक मां और बेटी जिंदगी बदलने वाले एक फैसले से जूझती दिखाई गई हैं।
मीडिया से बात करते हुए सुरेश त्रिवेणी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा है, ‘जब पहली बार मैंने पूजा से इस फिल्म की कहानी सुनी, तो मुझे पूरा यकीन था कि मैं इसे बनाना चाहूंगा। प्रोड्यूसर पार्टनर राधिका से बात की और हमने इसे प्रोड्यूस करने का फैसला किया। यह दूसरी शॉर्ट फिल्म है जिसे मैंने प्रोड्यूस किया है, और जब तक मैं कर सकता हूं, मैं ऐसा करता रहूंगा।’
इंटरनेशनल फेस्टिवल्स में अपनी जगह बनाने वाली इस फिल्म ने कई अवॉर्ड्स जीते हैं। इसे शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल, तस्वीर फिल्म फेस्टिवल, IDSFFK और कई दूसरे जाने-माने प्लेटफॉर्म्स पर भी पहचान मिली है। इसने येलोस्टोन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अवॉर्ड भी जीते हैं।