वैसे तो फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से हो रही है और इस मेगा इवेंट को मेक्सिको, यूनाइटेड स्टेट्स और कनाडा मिलकर होस्ट करने वाले हैं। मगर इससे कुछ दिन पहले लोगों ने फ़ुटबाल की एक ऐसी किक का मज़ा लिया जिसे स्पेस में खेला गया। जी हाँ! यहाँ ज़िक्र किया जा रहा है नासा एस्ट्रोनॉट जेसिका मीर का जिन्होंने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में एक ऐसा फुटबॉल स्टंट किया जिसने दुनिया भर के दर्शकों को रोमांच के साथ हैरान कर दिया।
इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में मौजूद जेसिका मीर ने पिछले सप्ताह माइक्रोग्रैविटी में एक शानदार ओवरहेड साइकिल किक का प्रदर्शन किया। उनकी इस किक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
यह प्रदर्शन लर्न वुड नासा सेशन के दौरान किया गया, जहाँ एस्ट्रोनॉट ने फुटबॉल के स्ट्रक्चर और इसके एयर ट्रैवल के पीछे के साइंस के बारे में भी जानकारी दी। जेसिका मीर इस वीडियो के माध्यम से बताती हैं कि फुटबॉल को गोल आकर में डिजाइन करने का मकसद ही यह होता है कि यह हवा में ज़्यादा बराबर ट्रैवल कर सके।
48 वर्षीय स्वीडिश-अमरीकन मरीन बायोलॉजिस्ट ने माइक्रोग्रैविटी में कमाल के तरीके से साइकिल किक करके न सिर्फ फुटबॉल फैंस बल्कि स्पेस एक्सप्लोरेशन में दिलचस्पी रखने वालों को भी इम्प्रेस किया।
सोशल मीडिया यूजर्स स्पोर्ट्स और स्पेस एक्सप्लोरेशन के इस कॉम्बिनेशन को सच में दिलचस्प बता रहे हैं। सभी इस बेहतरीन प्रदर्शन की खुले दिल से और जमकर तारीफ कर रहे हैं। उनकी इस वीडियो पर ढेरों प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। इसमें एक यूजर ने लिखा कि यह देखना कमाल का है कि नासा स्पेस में रहते हुए फुटबॉल के एयरोडायनामिक्स के बारे में जानकारी मिल रही है। एक अन्य ने लिखा है कि मैं हमेशा सोचता था कि स्पेस में बॉल का स्पिन कैसे काम करेगा, यह डेमो वाकई बहुत कूल था।