2028 में डिस्क पर प्लेस्टेशन गेम्स रिलीज़ करना बंद कर देगी सोनी

उपभोक्ता की पसंद में बदलाव के बाद जनवरी 2028 में डिस्क पर प्लेस्टेशन के लिए नए वीडियो गेम्स की रिलीज़ बंद कर दी जाएगी। यह जानकारी बुधवार को सोनी की तरफ से साझा की गई है।

अपने प्लेस्टेशन गेम्स के लिए सोनी फिजिकल डिस्क का उत्पादन बंद करने जा रही है। कंपनी ने अपने ऑफिशियल प्लेस्टेशन ब्लॉग पर इस जानकारी को साझा किया है। जिसमे कहा गया है, “इस तारीख के बाद, नए गेम्स प्लेस्टेशन स्टोर और रिटेलर्स पर सिर्फ डिजिटल फॉर्मेट में मिलेंगे।”

कंपनी का कहना है कि बदलते समय के साथ अब डिजिटल गेम का चलन बढ़ता जा रहा है। यूजर्स अब ज्यादातर डिजिटल गेम्स को ही प्राथमिकता देने लगे हैं। ऐसे में कंपनी ने घोषणा की है कि वह 2028 से फिजिकल डिस्क का प्रोडक्शन पूरी तरह से बंद कर देगी। और उसके बाद सभी नए गेम सिर्फ और सिर्फ डिजिटल रूप में उपलब्ध होंगे। इन्हें प्लेस्टेशन और स्टोर्स से डिजिटल फॉर्मेट में ही डाउनलोड किया जा सकेगा।

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब “ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI” की आने वाली एक्सक्लूसिव डिजिटल रिलीज़ ने गेमर्स के बीच कुछ घबराहट पैदा कर दी है। दरअसल मार्किट एक्सपर्ट का अनुमान है कि यह अब तक का सबसे ज़्यादा बिकने वाला कल्चरल प्रोडक्ट हो सकता है।

सोशल मीडिया पर यह शिकायत भी सामने आई कि फिजिकल डिस्क की कमी से टाइटल के लिए कोई भी सेकंड-हैंड मार्केट खत्म हो जाएगा। साथ ही सोनी ने यह भी कहा है कि आने वाले इस बदलाव का “उन गेम्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा जो जनवरी 2028 से पहले डिस्क फ़ॉर्मेट में रिलीज़ हो चुके हैं या रिलीज़ होंगे।”

कंपनी ने आगे यह भी कहा, “सोनी इंटरैक्टिव एंटरटेनमेंट के लिए यह एक नैचुरल डायरेक्शन है कि वह कंज्यूमर ट्रेंड्स के हिसाब से खुद को ढाल ले, क्योंकि डिजिटल मीडिया की आम पसंद फिजिकल डिस्क से काफी ज़्यादा है।” इसमें आगे कहा गया, “हम अपने फैंस को वर्ल्ड-क्लास गेमिंग एक्सपीरियंस देने के लिए कमिटेड हैं।”

सोनी ने 2020 में लेटेस्ट कंसोल, PlayStation 5 के रिलीज़ के साथ डिजिटल डाउनलोड की ओर अपना कदम बढ़ाया, जिसका एक वर्शन बिना डिस्क ड्राइव के था। गौरतलब है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विस्तार की वजह से भी मेमोरी की कीमतें बढ़ी हैं और अभी भी इनमें बढ़ोत्तरी जारी है। इससे कंसोल की कीमतों में भी इज़ाफ़ा हुआ है। सोनी ने अप्रैल में अपने मुख्य PlayStation 5 कंसोल की कीमतें बढ़ाईं थीं। इसमें डिस्क एडिशन की कीमत 549.99 डॉलर से बढ़ाकर 649.99 डॉलर कर दी गई थी।

वीडियो गेम मार्केट रिसर्च फर्म निको पार्टनर्स के डेनियल अहमद का कहना है कि सोनी की घोषणा “काफी हद तक कन्फर्म करती है कि PS6 सिर्फ डिजिटल होगा।” इंडस्ट्री के लोगों के मुताबिक, नेक्स्ट-जेनरेशन कंसोल अगले साल तक रिलीज़ हो सकता है, हालांकि ज़्यादा कीमतों और ज़रूरी पार्ट्स की कमी की वजह से इसके लॉन्च में देरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *