म्यूनिख गोलीबारी में 9 लोगों की मौत, हमलावर भी मरा

म्यूनिख। जर्मनी के तीसरे सबसे बड़े और दक्षिणी शहर म्यूनिख के एक शॉपिंग मॉल में शुक्रवार शाम हुई गोलीबारी में एक हमलावर समेत कम से कम 10 लोग मारे गये और कम से कम 10 अन्य घायल हो गये।

munich-mall-attack 02

म्यूनिख पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि घटनास्थल के पास से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है और उसके हमले में शामिल एकमात्र शूटर होने की संभावना है। घटनास्थल से एक किलोमीटर की दूरी पर हमलावर का शव बरामद किया गया। उसने घटना को अंजाम देने के बाद खुद को गोली मार ली थी। इससे पहले हमलावर की गोलीबारी में नौ लोग मारे गये और कम से कम दस अन्य घायल हो गये। वहीं, स्थानीय मीडिया ने मृतकों की संख्या 15 बताई है। हालांकि, सरकार ने फिलहाल नौ लोगों के मौत की पुष्टि की है।

इससे पूर्व पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से इस हमले में तीन लोगों के शामिल होने की संभावना व्यक्त की थी। हालांकि प्रवक्ता ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि अब लगता है कि इस हमले के लिए केवल एक व्यक्ति जिम्मेदार था। इस घटना के कारण म्यूनिख में आपातकाल लागू कर दिया गया था और शहर में विशेष सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया था।

घातक गोलीबारी का संभावित एकमात्र हमलावर बंदूकधारी 18 वर्षीय एक जर्मन-ईरानी था, जिसके पास दोनों देशों की नागरिकता थी। म्यूनिख के पुलिस प्रमुख हबरटस आंड्रिया ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि गोलीबारी का उद्देश्य स्पष्ट नहीं है। पूर्व की रिपोर्ट के बावजूद घटना में किसी अन्य बंदूकधारी के शामिल होने का भी कोई संकेत नहीं है।  जर्मन रेडियो स्टेशन बायेरिश्चर रंडफंक के मुताबिक घटनास्थल के पास एक मृत व्यक्ति का शव पाया गया, जिसके पास लाल रंग का एक बैग भी था। ऐसा ही एक बैग एक हमलावर के पास भी देखा गया था जहां गोलीबारी की घटना शुरू हुई थी।

जर्मनी में एक हफ्ते के अंदर हुआ यह दूसरा हमला है। इससे पहले  अफगानिस्तान का 17 वर्षीय एक शरणार्थी ने ट्रेन में यात्रियों पर कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमले के बाद किशोर ने भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पुलिस ने उसे मार गिराया। छानबीन में पाया गया कि लड़का आतंकी संगठन आईएसआईएस से प्रभावित था। हालांकि जर्मनी के आंतरिक मामलों के मंत्री थॉमस डी मेजियेर ने इसे अकेले हमलावर का काम बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *