शॉर्ट फिल्म ‘अर्थिंग’ प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ जागरुकता अभियान के तहत तैयार की गई है। अभिनेता अजय देवगन अभिनीत यह फिल्म विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य रिलीज़ हो रही है। इस वीडियो के जरिए प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित करने का संदेश दिया गया है।

दुनियाभर में आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाएगा। इसी के उपलक्ष्य में फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली ने लोगों को जागरुक करने के लिए शॉर्ट और आकर्षक फिल्म ‘अर्थिंग’ बनाई है। प्राकृतिक महत्व को दर्शाता फिल्म का यह वीडियो दिल को छू लेने वाला है।
अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली ने एक वीडियो क्लिप साझा किया है। यह शॉर्ट फिल्म उन्हीं के निर्देशन में बनाई गई है। ‘अर्थिंग’ में अजय देवगन और शरवरी वाघ मुख्य भूमिका में हैं।
वीडियो की शुरुआत कारखानों से निकल रहे धुएं, कूड़े के ढेर और दूषित नदियों के साथ होती है। तभी अभिनेता अजय देवगन को अपनी गाड़ी एक जगह रुकवाकर हरे-भरे पार्क की जमीन पर आकर लेटते दिखाया गया है।
अजय गहरी सांस लेते हैं। इसी बीच अभिनेत्री शरवरी वाघ भी यहाँ आ जाती हैं। अजय उनसे कहते हैं कि वो अर्थिंग ले रहे हैं। और इस तरह से वह अपने मूल यानी धरती से जुड़ने की बात कहते हैं।
इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित मात्र मिनट 53 सेकेंड का यह वीडियो प्लास्टिक प्रदूषण से लड़ने और प्राकृतिक संसाधनों को ढंग से उपभोग करने का सन्देश देता है। इस वीडियो में पृथ्वी के उपचार की जरूरत सामने रखी गई है।
इम्तियाज अली के निर्दशन में और अजय देवगन तथा शरवरी वाघ की मुख्य भूमिका वाले इस वीडियो को भामला फाउंडेशन के सहयोग से बनाया गया है। रवीन ग्रुप के बैनर तले इसका निर्माण किया गया। जबकि लेखन की जिम्मेदारी भी इम्तियाज़ अली ने ही निभाई है।















