बिलावल की पार्टी के समर्थन के साथ शहबाज शरीफ होंगे पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री

नवाज शरीफ ने छोटे भाई शहबाज को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया है। ये जानकारी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर दी है।

बिलावल की पार्टी के समर्थन के साथ शहबाज शरीफ होंगे पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री

मंगलवार देर रात लिए गए फैसले में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के अध्यक्ष शहबाज शरीफ को उनकी पार्टी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया है। पार्टी प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने सोशल मीडिया के अपने एक्स हैंडल पर कहा कि पार्टी सुप्रीमो नवाज शरीफ (74) ने अपने छोटे भाई शहबाज शरीफ (72) को प्रधानमंत्री पद के लिए और बेटी मरियम नवाज (50) को पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया है।

साथ ही उन्होंने बताया कि नवाज शरीफ ने पीएमएल-एन को आगामी सरकार बनाने में समर्थन देने वाले राजनीतिक दलों को धन्यवाद दिया है और उम्मीद जताई है कि ऐसे फैसलों से पाकिस्तान संकट से बाहर आ सकेगा।

गौरतलब है कि शहबाज शरीफ इमरान खान की सरकार के गिरने के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने थे। इस समय जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ को छोड़कर प्रमुख पार्टियों ने घोषणा की है कि वे पीएमएल-एन के नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनाने का प्रयास करेंगे।

प्रधानमंत्री पद की दौड़ से खुद को अलग करते हुए बिलावल का कहना है कि उनकी पार्टी सरकार का हिस्सा बने बिना प्रधानमंत्री पद के लिए पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के उम्मीदवार को अपना समर्थन देगी।

मंगलवार को अपने एक बयान में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा है कि वह चाहते हैं कि उनके पिता आसिफ अली जरदारी को फिर से राष्ट्रपति बनाया जाए। गौरतलब है कि 68 वर्षीय पीपीपी अध्यक्ष जरदारी ने 2008 से 2013 तक पाकिस्तान के राष्ट्रपति की ज़िम्मेदारी निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *