मौसम के तीखे तेवर, ठंड से कांपा उत्तर भारत, शिमला में 5 मरे

नई दिल्ली। पहाड़ों की बर्फबारी ने दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत को शीत लहर की चपेट में ले लिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, बिहार, हरियाणा और राजस्थान में ठंड का प्रकोप जारी है।

cold wave

दिल्ली में बुधवार को सबसे ठंडा दिन रहा। ठंड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली में बुधवार सुबह तापमान 4 डिग्री तक गिर गया, जो पांच साल का रिकॉर्ड है। जबरदस्त ठंड का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी है। आज सुबह हांड़ कंपकंपा देने वाली ठंड हो रही है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।

cold wave

मध्यप्रदेश के भोपाल व इंदौर में बुधवार को सीजन का पहला ठंडा दिन रहा। भोपाल में दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम होकर 19.4 डिग्री और इंदौर में 19.70 पर पहुंच गया। ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां रात में पारा 3 डिग्री रहा। दिन का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री या उससे अधिक कम हो और रात का तापमान 10 डिग्री से कम हो तो ‘कोल्ड-डे’ घोषित किया जाता है।

cold wave

ठंड ने शिमला में 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शिमला में तापमान -3.20 और मनाली में -6.6 डिग्री दर्ज किया गया। ठंड के प्रकोप के कारण दम घुटने से 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 5 दिनों से पानी, बिजली सप्लाई ठप है और 300 से ज्यादा सडक़ों पर बर्फबारी के कारण सडक़ यातायात बाधित है।
गुलाबी नगरी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में गुरुवार को भी सर्दी का सितम जारी है। प्रदेश में कई जगह ओस की बूंदे बर्फ में तब्दील होती नजर आई। चुरू और माउंटआबू में पारा माइनस में चला गया है। जयपुर में सुबह से ही हाड़ कंपाने वाली सर्दी का दौर जारी है।

 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकलने से कोहरे से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में किसी तरह के खास बदलाव की संभावना नहीं है। तापमान में हालांकि मामूली इजाफा होने की संभावना है। अगले सप्ताह से कोहरे से भी राहत मिलेगी और ठंड का असर कुछ कम होगा।

 

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं 15 और 16 जनवरी को बादल छाए रह सकते हैं। 15 जनवरी की रात को और 16 जनवरी की सुबह बारिश भी होने की उम्मीद है।

 

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हाल ही में अच्छी बर्फबारी हुई है। इस सीजन में पहली बार अच्छी बर्फबारी होने के कारण दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों के मौसम पर फर्क पड़ा है। जिससे तेज रफ्तार से ठंडी हवाएं दिल्ली की तरफ दस्तक दे रही हैं। इससे मौसम पर असर पड़ रहा है। बीते दिनों से काफी मात्रा में ठंडी हवाएं पहाड़ी इलाकों से आ रही हैं। जिससे बीते तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *