मार्च के पहले सप्ताह में ही उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपने पूरे तेवर दिखा दिए हैं। सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इस सख्त मौसम के बीच बारिश की भी संभावना जताई जा रही है।

पिछले 24 घंटे का जायज़ा लें तो बांदा सबसे गर्म शहर रहा। यहाँ अधिकतम तापमान 40.2° सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी में पारा 38.3°सेल्सियस और उरई में 37.8°सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग से मिलने वाली ख़बरों में कहा गया है कि 15 मार्च यानी रविवार को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी खबर है। इसके अलावा बिजली गिरने की भी चेतावनी भी जारी की गई है। विभाग का कहना है कि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिन मौसम बदला रहेगा। इससे तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिलेगी। हालांकि, अनुमान है कि मार्च के आखिरी हफ्ते तक प्रदेश में पारा 44°C तक पहुंच सकता है।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक़, 15-16 मार्च को प्रदेश के कई इलाकों में मौसम में बदलाव हो सकता है। आंधी जैसी हवाएं 40-50 किमी/घंटा की रफ़्तार से चलने की उम्मीद है। इसका असर प्रदेश के देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर एवं आसपास के इलाकों में देखा जा सकेगा।
वहीं बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आसपास के इलाकों में 30-40 किमी/घंटा की रफ़्तार से हवा चलने की संभावना है।
विभाग ने देवरिया सहित गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर एवं आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है। साथ ही देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आसपास के बादल गरजने और बिजली गिरने की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है।











