कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स से इस लिए बाहर हो सकती हैं सायना नेहवाल

साइना ने 15 से 20 अप्रैल तक केडी जाधव इंडोर हॉल में होने वाले खेलों के ट्रायल में भाग लेने से इंकार कर दिया है। साइना इस साल होने वाले हांगझोऊ एशियाई खेल और बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन सकती हैं।

कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स से इस लिए बाहर हो सकती हैं सायना नेहवाल

बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अधिकारी द्वारा स्पष्ट कर दिया गया है कि ट्रायल में जो शटलर भाग नहीं लेगा उसे इन खेलों की टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। इस तरह से साइना राष्ट्रमंडल खेलों में अपने खिताब को बचाने के मूड में नज़र नहीं आ रही हैं।

बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की चयन नीति के अनुसार ट्रायल से विश्व बैडमिंटन की रैंकिंग में टॉप 15 में शामिल शटलरों को छूट दी गई है, जिसके चलते विश्व नंबर सात पीवी सिंधू, नंबर नौ लक्ष्य सेन, नंबर 11 किदांबी श्रीकांत और नंबर छह सात्विक साईराज रैंकी रेड्डी-चिराग शेट्टी की जोड़ी को इन खेलों के लिए टीम में सीधे चयन मिल गया है।

बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की तरफ से इस बार चयन में पारदर्शिता लाने के लिए राष्ट्रमंडल, एशियाई, थामस-उबेर कप के लिए ट्रायल कराने का फैसला लिया गया है। इसके तहत 29 मार्च तक 16 से 50 की रैंकिंग वाले शटलरों और राष्ट्रीय रैंकिंग में पहले 16 स्थान पर शामिल शटलरों को खेलना होगा। ऐसे में साइना की विश्व रैंकिंग 23 है। साइना ने बीएआई को सूचित कर दिया कि वह ट्रायल में नहीं खेलेंगी।

राष्ट्रमंडल खेलों की टीम में पांच पुरुष और पांच महिला सदस्य होंगे, जबकि एशियाई खेलों और थॉमस-उबेर कप के दल में 20 सदस्य होंगे जिसमें 10 पुरुष और 10 महिला शटलर होंगे। इससे पहले साइना 2018 के गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल और 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों का एकल खिताब जीत चुकी हैं। उन्होंने जकार्ता एशियाई खेलों में एकल का कांस्य जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *