लखनऊ में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के चलते यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। परेड के प्रथम पूर्वाभ्यास पर पुलिस प्रशासन ने 22 जनवरी जबकि फुल ड्रेस रिहर्सल के लिए 24 जनवरी को ट्रैफिक डायवर्जन किया है। गणतंत्र दिवस के दिन मुख्य परेड के दौरान हजरतगंज, चारबाग, विधानसभा और केडी सिंह बाबू स्टेडियम क्षेत्र में ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा।

पुलिस प्रशासन की तरफ से नागरिकों से अपील की है कि 26 जनवरी तक तय किए गए डायवर्जन प्लान का पालन करें, साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें।
आयोजन और इसकी तयारी को देखते हुए 22, 24 और 26 जनवरी को सुबह 8 बजे से चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने बालविद्या मंदिर स्कूल के आसपास का इलाका पूरी तरह बंद रहेगा। इस बीच आलमबाग, मवैया और बांसमंडी की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
25 जनवरी की दोपहर में 2 बजे से हजरतगंज चौराहा से रॉयल होटल (बापू भवन) चौराहा तक विधानसभा मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इन पॉइंट्स पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग और बैठने की व्यवस्था की जाएगी। यह भी बता दें कि यह प्रतिबंध 26 जनवरी को परेड समाप्त होने तक लागू रहेगा।
26 जनवरी की परेड रविन्द्रालय-बाल संग्रहालय चारबाग से शुरू होकर केकेसी तिराहा, राणा प्रताप चौराहा, हुसैनगंज, बापू भवन चौराहा, विधानसभा, हजरतगंज अटल चौक, अल्का तिराहा, मेफेयर और बाल्मीकि तिराहा होते हुए केडी सिंह बाबू स्टेडियम गेट नंबर-02 पर समाप्त होगी।
इस परेड के बाद स्कूली बच्चे गेट नंबर-05 से बाहर निकलकर बसों में बैठेंगे। वहीं आर्मी के टैंक और झांकियों का रूट केडी सिंह स्टेडियम से मोतीमहल, चिरैयाझील, सहारागंज, सिकंदरबाग, सप्रू मार्ग और हजरतगंज होते हुए वापस जाएगा। परेड रूट पर सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इस बीच चिकित्सकीय आपात स्थिति में एंबुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन सहित शव वाहन को प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति दी जाएगी। सहायता हेतु ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
बस रूट में परिवर्तन
रोडवेज और सिटी बसें भी इस बदलाव के चलते चारबाग, कैसरबाग, गोमतीनगर और महानगर से हजरतगंज और केडी सिंह स्टेडियम की ओर नहीं जा सकेंगी। इन बसों को आलमबाग, कैंट, लालबत्ती, बंदरियाबाग और गांधी सेतु के रास्ते से निकाला जाएगा।
चारबाग रेलवे और अमौसी हवाई अड्डा जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से समयपूर्व निकलें और निर्धारित डायवर्जन का पालन करें।
