प्रसार भारती के नए चेयरमैन का पद संभाला रिटायर्ड आईएएस नवनीत सहगल ने

रिटायर्ड नौकरशाह नवनीत कुमार सहगल ने प्रसार भारती के नए अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। यूपी कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी नवनीत सहगल ब्यूरोक्रेसी में 35 साल काम करने के बाद अगस्त 2023 में रिटायर हो गए थे।

प्रसार भारती के नए चेयरमैन का पद संभाला रिटायर्ड आईएएस नवनीत सहगल ने

नवनीत सहगल ए सूर्य प्रकाश के बाद यह स्थान ग्रहण करेंगे। उनका कार्यकाल फरवरी 2020 में समाप्त हो गया था। इस तरह प्रसार भारती अध्यक्ष का पद पिछले चार साल से रिक्त था। रिटायरमेंट के समय सूर्य प्रकाश की आयु 70 वर्ष थी, जो इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा है।

शुक्रवार को देश के सरकारी प्रसारणकर्ता के अध्यक्ष का चयन करने के लिए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने एक बैठक की अध्यक्षता की थी। इस बैठक में भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) रंजना देसाई सहित सूचना व प्रसारण सचिव संजय जाजू ने भी शिरकत की थी।

बीते दिन सूचना व प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है- ‘‘…राष्ट्रपति को, चयन समिति की सिफारिश पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री नवनीत कुमार सहगल को प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त करते हुए प्रसन्नता है, जो उनके पद का कार्यभार संभालने की तारीख से तीन साल की अवधि या उनके 70 वर्ष का होने तक प्रभावी होगी।’’

बताते चलें कि उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति होने के अलावा प्रसार भारती के अध्यक्ष पद के लिए चयन समिति के प्रमुख होते हैं। इस समिति में भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष तथा राष्ट्रपति द्वारा नामित एक सदस्य सम्मिलित होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *