दिल्ली में 86 साल की महिला के साथ रेप

दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालिवाल ने बताया कि महिला शाम को अपने घर के बाहर दूधवाले का इंतज़ार कर रही थी जब ये शख़्स उनके पास गया.

स्वाति मालिवाल ने बताया, “इस शख़्स ने उनसे कहा कि जो रोज़ दूध देने आता है वो नहीं आएगा और कहा कि एक दूसरी जगह ले चलता हूं जहां से दूध मिल सकता है.”

स्वाति ने बताया कि महिला उस पर भरोसा कर साथ चली गई. वो उन्हें एक पास के खेत में ले गया और बलात्कार किया. वो रोती रही और छोड़ देने के लिए भीख मांगती रही लेकिन उस व्यक्ति ने एक न सुनी. जब उन्होंने खुद को छुड़ाने की कोशिश की तो उन्हें मारा भी.

जब वहां से गुज़र रहे कुछ लोगों ने उनकी आवाज़ें सुनीं तो उन्हें बचाया गया. उन लोगों ने अभियुक्त को पुलिस के हवाले कर दिया.

स्वाति मालिवाल मंगलवार को पीड़िता के घर गईं. उन्होंने बताया कि जो देखा वो दिल तोड़ देने वाला था.

“उनके हाथ पूरी तरह झुर्रियों से भरे हैं. आपको सदमा लगेगा जब आप उनकी कहानी सुनेंगे. उनके चेहरे और शरीर पर निशान पड़े हैं और उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें ख़ून भी आया. वे काफ़ी डरी और घबराई हुई हैं.”

(Source: BBC)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *