‘रामायण’ के बहुप्रतीक्षित ट्रेलर लॉन्च का समय नज़दीक आ रहा है। इस फिल्म के पहले ऑफिशियल ट्रेलर को दर्शक जल्दी ही देख सकेंगे। फिल्म मेकर्स ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि रामायण पार्ट एक का ट्रेलर 24 जुलाई, 2026 को वर्ल्डवाइड रिलीज होगा और इस दिन फिल्म के प्रमोशन की भी शुरुआत होगी।
फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से पहले ही सर्टिफिकेशन मिल चुका है। सीबीएफसी सर्टिफिकेट के अनुसार, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की मुख्य भूमिकाओं वाली ‘रामायण’ के लिए एक क्लिप के बजाय दो ट्रेलर होंगे।
सर्टिफिकेट के मुताबिक, फिल्म के ट्रेलर को 15 जुलाई को ‘U’ (यूनिवर्सल) सर्टिफिकेट दिया गया, जिससे यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी उम्र के दर्शकों के लिए उपयुक्त हो गया है। दिलचस्प बात यह है कि यह ट्रेलर ज़्यादातर अन्य थिएट्रिकल प्रीव्यू की तुलना में काफी लंबा है।
सीबीएफ़सी की वेबसाइट पर अभी ट्रेलर के दो वर्शन लिस्टेड हैं। जहाँ एक ट्रेलर, जिसका टाइटल ‘Trailer – Ramayana 3D’ है, का रनटाइम 4 मिनट 15 सेकंड है, वहीं दूसरा, जिसका टाइटल ‘Theatrical Trailer – Ramayana 3D’ है, ठीक 4 मिनट का है। अब देखना है है कि ऑनलाइन रिलीज़ होने वाले ट्रेलर में फैंस को 15 सेकंड ज़्यादा फुटेज मिलेगी या उसे बड़े पर्दे पर देखने वाले दर्शकों के लिए रखा जाएगा।
दो भागों में बनी यह भव्य फिल्म वर्ल्डवाइड आईमैक्स में रिलीज होगी, जिसका पहला भाग दिवाली 2026 को और दूसरा भाग दिवाली 2027 को आएगा। इस फिल्म का बजट 4,000 करोड़ रुपये है और यह इंडियन सिनेमा की अब तक की सबसे बड़े बजट की फिल्म बनने जा रही है।
मीडिया रिपोट्स की मानें तो ट्रेलर लॉन्चिंग इवेंट देश की राजधानी नई दिल्ली में होगा, जहां निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा और फिल्म के कई कलाकारों के शामिल होने की उम्मीद है।