देश के अगले सीडीएस की ज़िम्मेदारी लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को दी गई है जबकि वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का नया प्रमुख बनाया गया है।
देश की सैन्य व्यवस्था में केंद्र सरकार की ओर से बड़ा बदलाव किया गया है। इस बदलाव के तहत नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और नए नौसेना प्रमुख की नियुक्ति की जानकारी दी गई है।
देश की सैन्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते भारत सरकार की ओर से दो महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तयों के तहत अब लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) देश के अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बनेंगे जबकि वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन भारतीय नौसेना के नए प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि 30 मई 2026 को नए सीडीएस का पद संभालेंगे। वह जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल पूरा होने के बाद इस ज़िम्मेदारी को संभालेंगे। साथ ही वह डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स यानी सैन्य मामलों के विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
गौरतलब है कि सीडीएस का पद भारत की तीनों सेनाओं; थल सेना, नौसेना और वायुसेना; के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए बनाया गया था। सीडीएस राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य रणनीति से जुड़े अहम फैसलों में सरकार को सलाह देता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि के पास करीब चार दशक का सैन्य अनुभव है। सरकार ने उनकी रणनीतिक समझ और लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें देश का नया सीडीएस चुना है। उन्हें पीवीएसएम सहित एवीएसएम, एसएम और वीएसएम जैसे कई सैन्य सम्मान मिल चुके हैं। सितंबर 2025 से उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के तौर पर अपने फ़र्ज़ की अदायगी की है।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि इससे पहले सेना के वाइस चीफ और सेंट्रल कमांड के जीओसी-इन-सी भी रह चुके हैं। उन्होंने पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर कई अहम सैन्य जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह सेना के उप प्रमुख यानी वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ भी रह चुके हैं।
इसके अलावा लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि ने सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) के रूप में भी काम किया। सितंबर 2025 से वह राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
नए नौसेना प्रमुख बनने वाले वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन 31 मई 2026 को भारतीय नौसेना के नए चीफ ऑफ नेवल स्टाफ (सीएनएस) का पद संभालेंगे। वर्तमान में वह मुंबई में वेस्टर्न नेवल कमांड के प्रमुख के रूप में तैनात हैं।
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन का कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा। नौसेना में लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं और समुद्री सुरक्षा से जुड़े कई बड़े अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को पहली जुलाई 1987 को नौसेना में कमीशन मिला था। वह कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के विशेषज्ञ हैं। फिलहाल वह मुंबई स्थित वेस्टर्न नेवल कमांड के प्रमुख हैं।
भारतीय नौसेना में लंबा अनुभव रखने वाले कृष्णा स्वामीनाथन ने अपनी शुरुआती सैन्य शिक्षा नेशनल डिफेन्स अकादमी से हासिल की। साथ ही वह ब्रिटेन के जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, करंजा स्थित कॉलेज ऑफ नेवल वॉरफेयर और अमरीका के यूएस नेवल वॉर कॉलेज में भी प्रशिक्षण हासिल कर चुके हैं।