हिमाचल के आपदा प्रभावित जिलों में कई राहत योजनाओं का उद्घाटन करेंगी प्रियंका गांधी

हिमाचल में जुलाई और अगस्त में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की कई घटनाएं हुई हैं। इससे 400 से अधिक लोगों की जान चली गई और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी राज्य के कई जिलों का दौरा करेंगी। ये इलाक़े हाल ही में आई बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।

हिमाचल के आपदा प्रभावित जिलों में कई राहत योजनाओं का उद्घाटन करेंगी प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए मंगलवार को प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वह यहां आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जानेंगी और कई राहत कार्यों का उद्घाटन भी करेंगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रियंका गांधी शिमला, मनाली, कुल्लू, मंडी और सोलन जिलों का दौरा करेंगी। इन क्षेत्रों में हाल ही में आई बाढ़ से सबसे अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। यहाँ लोगों से उनकी समस्याओं पर बातचीत करने के साथ प्रियंका पहाड़ी राज्य में विभिन्न राहत कार्यों का भी उद्घाटन करेंगी।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार से राज्य के पुनर्निर्माण के लिए राहत पैकेज की मांग की है। जुलाई और अगस्त के महीने में हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। यहाँ भूस्खलन के कारण कई लोगों के घर भी नष्ट हो गए हैं।

नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान 9 सितंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने राष्ट्रपति द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भाग लिया और प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद राज्य के हितों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने पीएम को नुकसान की गंभीरता से अवगत कराते हुए इसे ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान ये जानकारी भी साझा की कि आपदा के परिणामस्वरूप राज्य को 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आपदा में 400 से अधिक लोग मारे गए हैं और 13,000 से अधिक घर क्षतिग्रस्त होने से हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *