त्रिनिदाद और टोबैगो सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद और टोबैगो’ देने की घोषणा की गई है।

प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने भारतीय प्रवासी समुदाय के बीच आयोजित एक बड़े स्वागत समारोह में यह जानकारी दी। पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए त्रिनिदाद और टोबैगो की जनता और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
बताते चलें कि प्रधानमंत्री मोदी 03 से 04 जुलाई तक त्रिनिदाद और टोबैगो की राजकीय यात्रा पर पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे हैं। वर्ष 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने मंत्रिमंडल के सदस्यों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से स्वागत हुआ। होटल पहुंचने पर भी भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में त्रिनिदाद और टोबैगो के 180 वर्षों पूर्व आए भारतीय मूल के लोगों के योगदान को याद किया। इस ऐतिहासिक यात्रा और दोनों देशों के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की की भूमिका की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान के लिए त्रिनिदाद एंड टोबैगो की जनता और सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए यह घोषणा की कि अब त्रिनिदाद और टोबैगो में बसे भारतीय मूल के छठी पीढ़ी के लोगों को भी ओसीआई कार्ड जारी किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए त्रिनिदाद और टोबैगो को भारत की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा उस ऐतिहासिक विरासत को सम्मानित करने का अवसर है। उन्होंने भारतीय प्रवासियों की सांस्कृतिक जीवंतता और उनकी सामाजिक भूमिका की सराहना की।
भारत की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, हरित ऊर्जा, अंतरिक्ष अनुसंधान, नवाचार और स्टार्टअप्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
करीब चार हजार लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट फॉर कल्चरल को-ऑपरेशन समेत कई संगठनों के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।















