मंगलवार को पीएम मोदी इथियोपिया के अदीस अबाबा पहुंचे। इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं।भारत-इथियोपिया साझेदारी को मजबूत करने में प्रधानमंत्री के असाधारण योगदान और एक वैश्विक राजनेता के रूप में उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए उन्हें इथियोपिया का सर्वोच्च पुरस्कार ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ प्रदान किया गया।

इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉक्टर अबी अहमद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अदीस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित किया। इस अवसर पर बोलते प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विश्व की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक से यह पुरस्कार स्वीकार करना उनके लिए सम्मान की बात है।
इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री डॉ. अबी और इथियोपिया की जनता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री डॉ. अबी के नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता, स्थिरता और समावेशी विकास को बढ़ावा देने की उनकी पहलों की सराहना की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया को धन्यवाद कहा है। पीएम मोदी ने लिखा कि इथियोपिया, आपका हार्दिक धन्यवाद, आपने हमारा अविस्मरणीय स्वागत किया। भारतीय समुदाय ने असाधारण स्नेह और आत्मीयता दिखाई। आने वाले समय में भारत-इथियोपिया की मित्रता और भी मजबूत होगी। पीएम मोदी ने एक्स पर इथियोपिया में उनके स्वागत का एक वीडियो भी शेयर किया।
इस सम्मान को प्रधानमंत्री मोदी ने उन सभी भारतीयों और इथियोपियाई लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने सदियों से द्विपक्षीय संबंधों को पोषित किया है, और इस सम्मान से नवाजे जाने पर 1.4 बिलियन भारतीयों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण में ज्ञान के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय शिक्षकों के लिए एक सदी से अधिक समय से इथियोपिया की प्रगति और विकास में योगदान देना सौभाग्य की बात रही है।
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने अदीस अबाबा एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। एक खास अंदाज में, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को खुद गाड़ी चलाकर होटल तक पहुंचाया।















