आमिर खान की नई फिल्म सितारे जमीन 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।मंगलवार को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में फिल्म के निर्माता और मुख्य अभिनेता आमिर खान सहित फिल्म की पूरी टीम भी मौजूद रही। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में भाग लिया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राष्ट्रपति कार्यालय की तरफ से साझा की गई पोस्ट में लिखा है- “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ देखी।
इस फिल्म में न्यूरोडायवर्जेंट स्थितियों से पीड़ित वास्तविक लोगों को दिखाया गया है, जो विविधता, समानता और समावेश का संदेश देती है। फिल्म के निर्माता और मुख्य अभिनेता आमिर खान भी फिल्म के पीछे की टीम के साथ स्क्रीनिंग में मौजूद थे।”
फिल्म की कहानी ने डाउन सिंड्रोम और न्यूरो डाइवर्जेंस जैसे बेहद संवेदनशील विषय पर लोगों का ध्यान खींचा है। फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ विशेष रूप से उन व्यक्तियों की कहानियों को केंद्र में रखती है, जो न्यूरोडायवर्जेंट स्थितियों से जूझते हैं। यह फिल्म मनोरंजन के साथ समाज में विविधता, समानता और समावेश के महत्व को भी प्रभावी रूप से प्रस्तुत करती है।
फिल्म में आमिर खान एक बास्केटबॉल कोच की भूमिका में हैं, जिसे कोर्ट ने बौद्धिक रूप से अक्षम लोगों की बास्केटबॉल टीम को ट्रेनिंग देने की सजा सुनाई है। अदालत ने उन्हें यह सजा शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में सुनाई है।
बताते चलें कि आमिर खान तीन साल के बाद इस फिल्म से सिल्वर स्क्रीन पर वापसी की है। फिल्म रिलीज हुए 5 दिन हो चुके हैं और इन 5 दिनों में फिल्म ने 60 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई कर ली है।
फिल्म में आमिर खान के साथ जेनेलिया डिसूज़ा भी है। इस फिल्म में आमिर जिन दस नए चेहरों को लेकर आए हैं, उनके नाम हैं- अरौश दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, संवित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शाहनी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर।
‘सितारे जमीन पर’ का निर्देशन आरएस प्रसन्ना ने किया है जबकि फिल्म का निर्माण आमिर खान ने किया है। यह 2018 की स्पैनिश स्पोर्ट्स-ड्रामा ‘चैंपियंस’ की रीमेक है।
