नरेन्द्र मोदी का राहुल पर बड़ा हमला, उल्टा चोर चौकीदार को डांटे…

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा की जा रहीं आलोचनाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि उल्टा चोर चौकीदार को डांट रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 55 साल पर मेरे 55 महीने भारी हैं। गौरतलब है कि राहुल ‘चौकीदार चोर है’ का जुमला लगातार उछाल रहे हैं।

संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए मोदी ने गुरुवार को कहा कि चुनाव का समय है, सबको कुछ न कुछ बोलने की मजबूरी है। उन्होंने कहा कि मोदी की आलोचना करिए मगर देश की बुराई मत कीजिए। दरअसल, कांग्रेस को सच सुनने की आदत नहीं है। लंदन में ईवीएम पर सवाल उठाए गए, इससे देश की छवि धूमिल हुई। कांग्रेस ने सेना पर भी तख्‍तापलट करने का फर्जी आरोप लगाया।
उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि जब चुनाव हार जाते हैं तो ईवीएम पर सवाल उठाते हैं। गांधी-नेहरू परिवार पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लिए BC का मतलब Before Congress है और AD का मतलब After Dynasty है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी पर अंगुली उठाने से पहले सोचें कि चार अंगुलियां आपकी तरफ हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का पैसा पारदर्शिता के लिए है, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई के लिए है। चुनाव है इसलिए जनता को हिसाब देना है। ईमानदारी इस सरकार की पहचान है। न्यू इंडिया एक आशा और विश्वास का नाम है। मोदी ने कहा कि चुनौतियों को चुनौती देने वाले ही आगे बढ़ते हैं और देश चुनौतियों को परास्त करता है।
लोकसभा चुनाव के लिए शुभकामनाएं : मोदी ने आगामी चुनाव के लिए स्वस्थ प्रतियोगिता की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पहली बार वोट देने वाले युवाओं का स्वागत करना चाहिए।
और क्या कहा मोदी ने…
– महागठबंधन महामिलावट है। केरल से बंगाल का महामिलावट। मगर जनता इससे दूर रहेगी।
– जब मिलावटी सरकार होती है तो क्या होता है?
– कोलकाता में एक मंच पर रहने वाले केरल में आंख भी नहीं मिलाते।
– 55 साल में 50 प्रतिशत लोगों के बैंक खाते, मगर आज लगभग सभी के बैंक एकाउंट।
– हम हर घर में बिजली पहुंचाकर दिखाएंगे।
– देश को एक समर्पित सरकार चाहिए।
– अब पैसे सीधे गरीब के खाते में जाते हैं, बिचौलियों की जेब में नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *